11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Gold Price: 10 दिन में 10,000 रुपये टूटा सोना, क्या 15 जून के बाद से सोने में फिर आ सकती है खरीदारी?

Why Gold Rate Fall: ऐसा माना जाता है कि अधिक मास में सोना खरीदना शुभ नहीं होता। 15 जून को अधिक मास का आखिरी दिन है। इसके बाद समर वेडिंग सीजन भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में घरेलू मांग बढ़ सकती है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jun 11, 2026

Investment in Gold

अधिक मास के बाद सोने में खरीदारी देखने को मिल सकती है। (PC: AI)

Investment in Gold: सोने की कीमतों में पिछले कुछ महीनों से गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को सोने का वैश्विक भाव 6 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और क्रूड ऑयल की ऊंची कीमतों ने महंगाई को लेकर चिंता बढ़ाई है। सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार, दिसंबर तक यूएस फेड रेट में बढ़ोतरी की 70% संभावना है। ऊंची ब्याज दरें बिना ब्याज वाले एसेट गोल्ड पर दबाव बनाती हैं, यही कारण है कि सोना टूट रहा है। घरेलू हाजिर बाजार की बात करें, तो दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का हाजिर भाव गुरुवार दोपहर 2130 रुपये टूटकर 1,45,790 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। सोने का भाव पिछले 10 दिन में 10,000 रुपये से अधिक टूट गया है।

10 दिन में 10,580 रुपये टूटा सोना

दिल्ली में 1 जून 2026 को 24 कैरेट सोने का हाजिर भाव 1,56,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। आज 11 जून को कीमत 1,45,790 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इस तरह बीते 10 दिन में सोना 10,580 रुपये टूट गया है। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव बीते 10 दिन में 9,700 रुपये टूट गया है।

10 दिन में 30,000 रुपये टूटी चांदी

चांदी की कीमतों में भी पिछले 10 दिन में काफी गिरावट आई है। दिल्ली में 1 जून को चांदी का हाजिर भाव 2,80,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। गुड रिटर्न्स के अनुसार, आज दिल्ली में चांदी का भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम है। इस तरह चांदी में बीते 10 दिन में 30,000 रुपये की गिरावट आ चुकी है।

अधिक मास खत्म होते ही दिख सकती है घरेलू डिमांड

सोने-चांदी की कीमतों में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब हिंदू कैलेंडर का अशुभ माना जाने वाला अधिक मास समाप्त होने वाला है। अधिक मास का आखिरी दिन 15 जून को है। अधिक मास में सोने की खरीदारी शुभ नहीं मानी जाती। ऐसे में 15 जून के बाद गिरी हुई कीमतों का फायदा उठाने के लिए ग्राहक सोने की खरीदारी शुरू कर सकते हैं। इससे घरेलू स्तर पर कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है।

16 जून से शुरू हो रहा शादियों का सीजन

मास्टरट्रस्ट के चीफ रिसर्च ऑफिसर डॉ रवि सिंह ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि 16 जून से समर वेडिंग सीजन की शुरुआत भी हो रही है। यानी 16 जून से शादियां फिर से शुरू हो जाएंगी, जो 15 अगस्त तक चलेंगी। ऐसे में आने वाले वेडिंग सीजन में कई लोग सोने खरीद सकते हैं। ज्वैलर्स का कहना है कि अगर कीमतें लगातार गिरती हैं, तो ग्राहक बाजार में धीरे-धीरे वापस लौट सकते हैं। ऐसे में शादियों के लिए सोने की खरीदारी देखने को मिल सकती है। भारत में वेडिंग सीजन हमेशा से सोने की मांग का बड़ा ट्रिगर रहा है।

क्यों आई सोने में गिरावट?

डॉ रवि सिंह ने बताया कि डॉलर इंडेक्स में मजबूती, वैश्विक स्तर पर मुनाफावसूली, ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की अपेक्षाकृत स्थिर स्थिति ने घरेलू गोल्ड प्राइस पर दबाव बनाया है। डॉ रवि ने आगे कहा, 'अगर वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है या अमेरिकी फेड ब्याज दरों को लेकर नरम रुख अपनाता है, तो सोने में फिर से तेजी लौट सकती है। हालांकि, फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। लंबी अवधि के निवेशकों के लिए SIP या Gold ETF के जरिए धीरे-धीरे निवेश करना अभी भी बेहतर रणनीति मानी जा रही है।'