20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Post Office RD से 10 साल में कैसे जुटाएं 50 लाख रुपये? जमा पर लोन की भी मिलेगी सुविधा

Post Office RD Interest Rate: डाकघर की आरडी स्कीम में मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। हालांकि, पोस्ट ऑफिस में आवेदन देकर इस अवधि को 5 साल और आगे बढ़ाया जा सकता है।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

May 20, 2026

Post Office RD Calculation

Post Office RD में जमा रकम पर लोन भी ले सकते हैं। (PC: AI)

Post Office RD Calculation: कई बार लोग मोटा पैसा बनाने के लिए जोखिम भरे निवेश विकल्पों में इन्वेस्ट करते हैं और मूलधन से भी हाथ धो बैठते हैं। बड़ा फंड सिर्फ रिस्की निवेशों से ही नहीं, बल्कि सेफ निवेश विकल्पों से भी बनाया जा सकता है। नियमित निवेश और लंबे समय तक धैर्य बनाए रखें तो आप अच्छा-खासा फंड तैयार कर सकते हैं। ऐसी ही एक स्कीम पोस्ट ऑफिस आरडी है। इस स्कीम में आप हर महीने अपनी सैलरी का एक हिस्सा बचाकर इन्वेस्ट कर सकते हैं और मैच्योरिटी पर आपको एकमुश्त पैसा मिलता है। आइए जानते हैं कि इस निवेश स्कीम के क्या फीचर्स हैं और इससे 10 साल में 50 लाख रुपये कैसे जुटाएं।

Post Office RD में ब्याज दर

पोस्ट ऑफिस आरडी एक स्मॉल सेविंग स्कीम है। सरकार हर तीन महीने में इन योजनाओं पर ब्याज दर तय करती है। इस समय इस स्कीम में 6.7 फीसदी सालाना ब्याज दर मिल रही है।

PO RD में कितना कर सकते हैं इन्वेस्ट

पोस्ट ऑफिस आरडी में न्यूनतम 100 रुपये महीना इन्वेस्ट कर सकते हैं। इसके बाद 10 रुपये के गुणक में कितनी भी रकम इन्वेस्ट कर सकते हैं। यहां निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है।

पोस्ट ऑफिस आरडी में कौन कर सकता है इन्वेस्ट

पोस्ट ऑफिस आरडी में कोई भी भारतीय नागरिक इन्वेस्ट कर सकता है। कोई सिंगल एडल्ट यहां पैसा लगा सकता है। 3 एडल्ट्स तक मिलकर जॉइंट अकाउंट भी खुलवा सकते हैं। नाबालिग के नाम पर अभिभावक भी खाता खुलवा सकते हैं। मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के नाम पर भी अभिभावक खाता खुलवा सकते हैं। 10 साल की उम्र पार कर चुका नाबालिग खाता खुलवा सकता है। खास बात यह है कि इस स्कीम में कोई व्यक्ति कितने भी खाते खुलवा सकता है।

मंथली डिपॉजिट से चूके तो क्या होगा?

अगर मासिक जमा में चार से ज्यादा किस्तें बकाया नहीं हैं, तो खाताधारक अपनी इच्छा से खाते की मैच्योरिटी अवधि को उतने महीनों तक बढ़ा सकता है, जितनी किस्तें बकाया हैं। बढ़ी हुई अवधि के दौरान वह छूटी हुई किस्तों को जमा कर सकता है। अगर चार से ज्यादा किस्तें बकाया हो जाती हैं, तो खाते को बंद माना जाएगा। हालांकि, खाते को दोबारा चालू करने की अनुमति चौथी किस्त के डिफॉल्ट वाले महीने से अगले दो महीनों के भीतर ही मिलेगी।

खाते को दोबारा चालू कराने के लिए, बकाया किस्तों के साथ एकमुश्त राशि में जुर्माना भी देना होगा। यह जुर्माना हर 100 रुपये की बकाया किस्त पर प्रति महीने 1 रुपये की दर से लिया जाएगा। अन्य रकम के लिए इसी अनुपात में शुल्क लागू होगा। जिस खाते में बकाया किस्तें इस तरीके से जमा कर दी जाती हैं, उसे बंद खाता नहीं माना जाएगा।

एडवांस डिपॉजिट के नियम

इस स्कीम में कोई भी व्यक्ति अधिकतम 5 साल तक की अवधि के लिए एडवांस डिपॉजिट कर सकता है। एडवांस डिपॉजिट पर रिबेट भी मिलती है। 100 रुपये की मासिक किस्त वाले खाते पर एडवांस डिपॉजिट करने पर मिलने वाली छूट इस प्रकार है:

अगर किसी कैलेंडर महीने में 6 या उससे अधिक, लेकिन 11 से ज्यादा डिपॉजिट नहीं किए जाते हैं, तो 10 रुपये की छूट मिलेगी। अगर किसी कैलेंडर महीने में 12 या उससे अधिक जमा किए जाते हैं, तो हर 12 जमा पर 40 रुपये की छूट मिलेगी। इसके अलावा, अगर 6 या उससे अधिक एडवांस डिपॉजिट बचते हैं, तो उन पर 10 रुपये की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।

लोन की भी है सुविधा

निवेशक खाते में कम से कम एक साल तक नियमित जमा करने और 12 मासिक किस्तें जमा होने के बाद खाते में जमा राशि की अधिकतम 50% रकम का लोन ले सकता है। लोन की राशि एकमुश्त या बराबर मासिक किस्तों में चुकाई जा सकती है। लोन पर साधारण ब्याज देना होगा, जिसकी दर खाते पर मिलने वाली ब्याज दर से 2% ज्यादा होगी। अगर खाता बंद होने तक लोन की रकम वापस नहीं की जाती है, तो बकाया राशि खाते की मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम से काट ली जाएगी।

कितनी है मैच्योरिटी अवधि

पोस्ट ऑफिस आरडी की मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। हालांकि, संबंधि पोस्ट ऑफिस में आवेदन देकर इस अवधि को 5 साल और आगे बढ़ाया जा सकता है। आप चाहें तो इन बढ़े हुए 5 वर्षों में पैसा डिपॉजिट करें या ना करें। प्रीमैच्योर क्लोजर की बात करें तो आरडी अकाउंट खाता खुलने के 3 साल बाद बंद कराया जा सकता है। हालांकि, इसमें आपको सिर्फ पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट ब्याज दर ही मिलेगी।

10 साल में कैसे मिलेंगे 50 लाख रुपये

विवरणराशि / अवधि
हर महीने निवेश₹30,000
कुल निवेश अवधि10 साल
पहले चरण की मैच्योरिटी5 साल
मैच्योरिटी एक्सटेंशन5 साल अतिरिक्त
कुल जमा राशि₹36,00,000
कुल ब्याज आय₹15,25,640
मैच्योरिटी पर कुल फंड₹51,25,640
ब्याज दर6.7% सालाना

अगर आपकी सैलरी 1 लाख रुपये महीने या इससे अधिक है, तो आप आसानी से इस स्कीम के जरिए 10 साल में 50 लाख रुपये जुटा सकते हैं। आपको हर महीने अपनी सैलरी में से 30,000 रुपये निकालकर आरडी अकाउंट में डालने होंगे। साथ ही आपको खाते की मैच्योरिटी को 5 साल और आगे बढ़ाकर पूरे 10 साल तक योगदान करना होगा। इस तरह 10 साल बाद मैच्योरिटी पर आपके पास 51,25,640 रुपये का फंड तैयार हो जाएगा। इसमें 36,00,000 रुपये आपकी निवेश राशि होगी। वहीं, 15,25,640 रुपये ब्याज आय शामिल होगी।