
Ujaas Energy के शेयर में इस हफ्ते 68% की तेजी आई है। (PC: AI)
Ujaas Energy Share Price: इस हफ्ते शेयर बाजार में एक शेयर ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। यह उजास एनर्जी का शेयर है, जो एक हफ्ते में ही करीब 68% चढ़ गया है। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 257.80 रुपये पर बंद हुआ। यह अक्टूबर 2023 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। बढ़त इतनी तेज रही कि यह शेयर एक्सचेंज की नजर में भी आ गया। एनएसई ने कंपनी से शेयर में अचानक आई इस तेजी और कारोबार में बढ़े उतार-चढ़ाव को लेकर सफाई मांग ली।
एनएसई की पूछताछ के जवाब में उजास एनर्जी ने कहा कि शेयर की कीमत या ट्रेडिंग वॉल्यूम में अचानक आई तेजी को समझाने वाली उसके पास कोई ऐसी जानकारी नहीं है, जिसे बाजार के सामने नहीं रखा गया हो। कंपनी ने किसी नए अनघोषित घटनाक्रम से भी इनकार किया है। यानी कंपनी के मुताबिक, शेयर में आई तेज उछाल के पीछे उसकी तरफ से कोई ऐसी खबर नहीं है, जिसे अभी बाजार को नहीं बताया गया हो।
उजास एनर्जी के शेयर में तेजी 31 जुलाई से शुरू हुई। कंपनी ने जून तिमाही के नतीजे जारी किए थे और इसके अगले कारोबारी दिन शेयर 20% के अपर सर्किट पर पहुंच गया। इसके बाद तेजी का सिलसिला थमा नहीं। अगले कई कारोबारी सत्रों में भी शेयर बार-बार अपर सर्किट में पहुंचता रहा। हालांकि, शेयर में लगातार तेजी को देखते हुए एक्सचेंज ने धीरे-धीरे सर्किट लिमिट घटाकर 5% कर दी। इसके बावजूद खरीदारी का जोर बना रहा और पूरे हफ्ते में शेयर करीब 68% उछल गया।
कंपनी के शेयर में तेजी की टाइमिंग उसके जून तिमाही के नतीजों के साथ जुड़ी हुई है। अप्रैल से जून 2026 की तिमाही में उजास एनर्जी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 31% बढ़कर 3.25 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी को 2.49 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। मार्च तिमाही से तुलना करें तो तस्वीर और बेहतर दिखती है। पिछली तिमाही में कंपनी का मुनाफा सिर्फ 42 लाख रुपये था। यानी तिमाही आधार पर मुनाफे में काफी बड़ा उछाल आया है।
कंपनी का कुल रेवेन्यू जून तिमाही में 11% बढ़कर 10.22 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 9.21 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर भी कंपनी के रेवेन्यू में अच्छी बढ़त देखने को मिली। मार्च तिमाही में रेवेन्यू 6.92 करोड़ रुपये था।
एनएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकडों के अनुसार, उजास एनर्जी के शेयर ने 1 हफ्ते में 68 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर ने 1 महीने में 102 फीसदी रिटर्न दिया है। इस साल अब तक 100 फीसदी रिटर्न दिया है। वहीं, बीते एक साल में 118 फीसदी रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 3,438.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह ने बताया कि कंपनी के मुनाफे और रेवेन्यू में सुधार जरूर दिखा है, लेकिन शेयर में एक हफ्ते में 68% की बढ़ोतरी काफी तेज चाल है। अपर सर्किट, एक्सचेंज की पूछताछ और ट्रेडिंग वॉल्यूम में बदलाव जैसी चीजें बताती हैं कि शेयर में इस समय काफी ज्यादा हलचल है। ऐसे में सिर्फ हालिया तेजी देखकर निवेश का फैसला करना जोखिम भरा हो सकता है। खासकर छोटे शेयरों में तेज बढ़ोतरी के बाद उतनी ही तेजी से गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
08 Aug 2026 01:12 pm
Published on:
08 Aug 2026 01:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
