
Vedanta Iron and Steel ने शेयर में तेजी का कोई विशेष कारण नहीं बताया है। (PC: AI)
Vedanta Group Share News: वेदांता ग्रुप के डीमर्जर से बनी कंपनी वेदांता आयरन एंड स्टील के शेयर में लगातार उछाल देखा जा रहा है। लिस्टिंग के महज 13 कारोबारी सत्रों में इस शेयर ने 100 फीसदी से ज्यादा रिटर्न देकर निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है। 15 जून को वेदांता के डीमर्जर के बाद यह कंपनी शेयर बाजार में अलग इकाई के तौर पर लिस्ट हुई थी। उस समय इसका शेयर 20 रुपये पर एनएसई में लिस्ट हुआ था। आज दोपहर 12 बजे यह शेयर करीब 10 फीसदी बढ़कर 42.65 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। यानी सिर्फ 13 ट्रेडिंग सेशंस में ही शेयर करीब 113 फीसदी उछल चुका है।
तेज रैली का असर कंपनी के बाजार पूंजीकरण पर भी साफ दिखा है। लिस्टिंग के समय कंपनी का मार्केट कैप 7,821 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर करीब 16,678 करोड़ रुपये हो गया है। डीमर्जर के बाद शुरुआत में बाजार की नजर वेदांता एल्युमिनियम पर थी और कई ब्रोकरेज हाउस उसी पर खरीदारी की सलाह दे रहे थे। लेकिन इस बीच वेदांता आयरन एंड स्टील ने चुपचाप ऐसी रफ्तार पकड़ी कि सबसे ज्यादा चर्चा उसी की होने लगी।
शेयर में उछाल तब और तेज हो गया, जब उद्योगपति अजीम प्रेमजी की निवेश कंपनी प्रेमजी इन्वेस्ट की निवेश इकाई PI Opportunities AIF V LLP ने इसमें बड़ा निवेश किया। बल्क डील के जरिए इस फंड ने करीब 4.84 करोड़ शेयर खरीदे, जिनकी कुल कीमत लगभग 102 करोड़ रुपये रही। यह सौदा 21.02 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ था। इस बड़ी खरीदारी के बाद बाजार का भरोसा और मजबूत हुआ और शेयर लगातार ऊपर बढ़ता गया। वेदांता आयरन एंड स्टील के शेयर में लिस्टिंग के बाद शुरुआती 10 कारोबारी सत्रों में से 9 दिन 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा था।
शेयर में लगातार आ रही तेजी को देखते हुए स्टॉक एक्सचेंजों ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा। जवाब में कंपनी ने कहा कि उसके पास ऐसी कोई महत्वपूर्ण जानकारी या कॉरपोरेट घोषणा नहीं है, जिसकी वजह से शेयर में इतनी बड़ी तेजी आई हो।
वेदांता आयरन एंड स्टील भारत और अफ्रीका में कारोबार करती है। कंपनी लौह अयस्क की खोज, खनन और प्रोसेसिंग का काम करती है। इसके अलावा स्टील, वायर रॉड, टीएमटी बार, पिग आयरन, डक्टाइल आयरन पाइप, फेरो सिलिकॉन, सीमेंट और मेटलर्जिकल कोक जैसे उत्पाद भी बनाती है।
वेदांता के डीमर्जर से बनी दूसरी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी बनी हुई है। वेदांता एल्युमिनियम मेटल का शेयर आज शुरुआती कारोबार में करीब 4 फीसदी चढ़ा। हालांकि, लिस्टिंग के बाद से यह अब भी लगभग 10 फीसदी नीचे है। वहीं, वेदांता ऑयल एंड गैस के शेयर में आज करीब 11 फीसदी की तेजी देखने को मिली। कंपनी को हाल ही में ICRA से AA+ (स्टेबल) रेटिंग मिलने के बाद इसमें खरीदारी बढ़ी है। इसके अलावा, वेदांता पावर का शेयर भी 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ कारोबार करता दिखाई दिया है।
Published on:
02 Jul 2026 12:50 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
