28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छात्रों के लिए हम छू लेंगे आसमां योजना सोमवार से शुरू

यह योजना विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन देने के लिए लागू की जा रही है।

2 min read
Google source verification

image

Amanpreet Kaur

May 21, 2018

education

education

मध्यप्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की परीक्षा में सफल और असफल रहे विद्यार्थियों के लिए सोमवार से ‘हम छू लेंगे आसमां’ योजना शुरू होने जा रही है। यह योजना विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन देने के लिए लागू की जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को इस योजना की विधिवत शुरुआत टीटी नगर स्थित मॉडल स्कूल से करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, योजना का मुख्य उद्देश्य 10वीं कक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न करियर और अकादमिक विकल्पों के बारे में काउंसलर द्वारा जानकारी मुहैया कराना है। मुख्यमंत्री चौहान सोमवार सुबह 10 से 11 बजे तक स्कूल के बच्चों से फोन पर सीधे बातचीत करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला-स्तर के उत्कृष्ट विद्यालय (एक्सीलेंस स्कूल) और ब्लॉक-स्तर पर उत्कृष्ट विद्यालयों में किया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष एस$ आर$ मोहंती ने शनिवार को इस कार्यक्रम की समीक्षा की। इस बैठक में बताया गया कि 21 से 31 मई तक 10वीं कक्षा की परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन दिया जाएगा। वहीं 12वीं कक्षा में 70 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त विद्यार्थियों को चार से 14 जून तक मार्गदर्शन दिया जाएगा। कक्षा-10, 11 और 12वीं में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को 18 से 28 जून तक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

राज्य सरकार की ‘हम छू लेंगे आसमां’ योजना का क्रियान्वयन स्कूल, तकनीकी और उच्च शिक्षा विभाग मिलकर किया जा रहा है। विद्यार्थी फोन नम्बर 0755-2770020 पर फोन कर अपने सवालों के जवाब हासिल कर सकते हैं। काउंसिलिंग केंद्र उच्च शिक्षा के लिए जिला-स्तरीय कॉलेज में भी बनाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को एसएमएस के माध्यम से सूचना दी गई है कि उन्हें काउंसिलिंग के लिए किस स्थान पर पहुंचना है। मुख्यमंत्री इस दिन काउंसिलिंग के पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे, जिसमें विद्यार्थियों को स्व-रोजगार से जुड़े पाठ्यक्रमों की जानकारी मिलेगी। विद्यार्थियों को काउंसिलिंग देने के लिए काउंसलरों की नियुक्ति कर दी गई है।