30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पंजाब में AAP नेता गुरप्रीत सिंह गोपी की गोली मारकर हत्या, बाइक का पीछा कर बरसाईं गोलियां, पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग

AAP Leader Murder: पंजाब के फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) नेता गुरप्रीत सिंह गोपी की कार सवार हमलावरों ने पीछा कर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस पुरानी रंजिश और चुनावी विवाद के एंगल से जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification
AAP Leader Shot Dead Punjab

AAP नेता गुरप्रीत सिंह गोपी और SSP भूपिंदर सिंह सिद्धू (Photo: X/IANS)

Gurpreet Singh Gopi Murder: पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममडोट कस्बे में शनिवार शाम को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता गुरप्रीत सिंह गोपी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, कार सवार चार हमलावरों ने बाइक से जा रहे गुरप्रीत सिंह का पीछा किया और फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में आप नेता की मौके पर ही मौत हो गई। फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस इस हमले के पीछे चुनाव से जुड़े विवाद के एंगल की भी जांच कर रही है।

बाइक का पीछा कर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत सिंह गोपी और हरप्रीत (22) बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कार में सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और गोली मार दी। घटना के समय गोपी के कुछ दोस्त भी एक अलग कार से उनके पीछे चल रहे थे। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने उस कार पर भी फायरिंग की।

घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां आम आदमी पार्टी के नेता को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हरप्रीत को लुधियाना के एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गोलीबारी के पीछे हमलावरों का मकसद क्या था।

चुनावी रंजिश का शक, छापेमारी जारी

SSP भूपिंदर सिंह सिद्धू के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, जांच में चुनाव से संबंधित विवाद भी एक अहम पहलू बनकर सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कथित तौर पर गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

SSP ने कहा कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पंजाब में सत्तारूढ़ आप के ही नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब हत्या की वजह, हमलावरों की भूमिका और चुनावी विवाद से जुड़े संभावित कनेक्शन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।