28 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Punjab Politics: सुखबीर बादल और सीआर पाटिल की हुई मुलाकात, क्या पंजाब में फिर BJP-SAD साथ लड़ेंगे चुनाव?

Sukhbir Singh Badal CR Patil Meeting: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की अटकलें तेज हैं। सीआर पाटिल और सुखबीर सिंह बादल की बैठक के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है।
2 min read
Google source verification
BJP SAD Alliance Punjab.

शिरोमणि अकाली दल चीफ सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी के पंजाब चुनाव प्रभारी सीआर पाटिल। (Photo - IANS)

BJP Akali Dal Alliance: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में दिल्ली से लेकर पंजाब तक सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी जहां पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मिशन मोड में है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार बैठकें कर रहे हैं। इन सबके बीच बीजेपी (BJP) के पंजाब चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल के साथ शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की हुई बैठक ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। खास बात यह है कि यह बैठक बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के उस बयान के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

दोनों नेताओं के बीच क्या हुई बात?

बीजेपी के पंजाब चुनाव प्रभारी सीआर पाटिल और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बीच हुई यह बैठक लंबी चली। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से बैठक के संबंध में किसी तरह की जानकारी नहीं दी गई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा हुई, जिसमें सबसे बड़ा मुद्दा सीटों के बंटवारे का है। फिलहाल, दोनों नेताओं की इस मुलाकात को संभावित गठबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इससे पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात हुई थी, जिससे पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी।

पीएम मोदी और सीआर पाटिल की भी हुई थी बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर हाल ही में सीआर पाटिल और रवनीत सिंह बिट्टू के साथ बैठक की थी। इस बैठक के बाद सीआर पाटिल ने सुखबीर सिंह बादल के साथ मुलाकात की है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि किसान आंदोलन के दौरान बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन टूट गया था। इसके बाद दोनों दल अलग-अलग चुनाव में उतरे। हालांकि, अब कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों दल एक बार फिर साथ आने की तैयारी में हैं।