27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बुटीक में घुसा पति, शटर बंद कर चला गया; खून से लथपथ बाहर निकली पत्नी, चिट्ठी में बताया हत्यारे का नाम

Chandigarh Woman Murder: पिंजौर में 42 वर्षीय महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। मौत से पहले उसने कागज पर पति को हत्यारा बताते हुए ससुराल के अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए।
2 min read
Google source verification
Chandigarh Woman Murder

प्रतीकात्मक तस्वीर

पंचकुला। चंडीगढ़ के पिंजौर के अब्दुलापुर कॉलोनी में एक महिला खून से लथपथ हालत में अपनी बुटीक के बाहर मिली। गले पर धारदार हथियार से वार के बाद वह मदद मांगते हुए बाहर आई, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को मौके से एक खून से सना कागज मिला, जिस पर महिला ने अपने पति को हत्यारा बताया है। मृतका की पहचान 42 वर्षीय राजिंदर कौर के रूप में हुई है। वह रथपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी और अब्दुलापुर कॉलोनी में बुटीक चलाती थी।

पति को बताया हत्यारा

पुलिस के अनुसार राजिंदर कौर का पति के साथ विवाद चल रहा था। पुलिस ने पति का नाम श्याम बताया है। उसकी पहचान और गिरफ्तारी से जुड़ी अन्य जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस को बुटीक के पास से जो कागज मिला, उस पर राजिंदर कौर ने अपनी आखिरी बात लिखी थी। उसने पति को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया और सास, दो ननदों तथा देवर पर भी आरोप लगाए। कागज पर ग्राहकों के कपड़ों की नाप भी लिखी हुई थी और उसी के पास राजिंदर ने हिंदी में अपने पति को हत्यारा बताते हुए संदेश लिखा था।

गले से बह रहा था खून

पुलिस ने बुटीक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक में जाता दिखाई दिया, जिसकी पहचान पुलिस ने राजिंदर के पति के रूप में की है। वह दुकान में जाने के बाद शटर नीचे कर देता है। कुछ समय बाद वह बाहर निकलता है और पीछे हटकर शटर को जोर से बंद करता दिखाई देता है, जिससे उसे आसानी से खोला न जा सके। व्यक्ति के वहां से जाने के करीब दो-तीन मिनट बाद राजिंदर शटर उठाकर बाहर आती दिखाई देती है। उसके गले से खून बह रहा था और वह लड़खड़ाते हुए बाहर निकली।

इलाज के दौरान मौत

आसपास मौजूद कुछ लोग घबरा गए और उसी वक्त मदद के लिए आगे नहीं आए। राजिंदर कुछ देर बाद वापस दुकान के अंदर चली गई। फिर कुछ देर बाद वह दोबारा बाहर आई और गले पर हाथ रखकर लोगों से मदद मांगने का इशारा किया। इसके बाद कुछ स्थानीय लोग उसके पास पहुंचे और उसे कालका अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पंचकूला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर करीब दो घंटे में राजिंदर के पति को पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा।