26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आदर्श स्कूल शिक्षकों की बल्ले-बल्ले! पंजाब सरकार ने वेतन में की 120 फीसदी की बढ़ोतरी, अब मिलेंगे 22000 रुपये

Punjab Teachers Salary Hike: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आदर्श स्कूलों के करीब 1,100 शिक्षकों की सैलरी में 120 फीसदी से अधिक बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब शिक्षकों को 10,000 रुपये की जगह 22,000 रुपये से ज्यादा वेतन मिलेगा।
2 min read
Google source verification
Teachers Salary Hike in Punjab

पंजाब के सीएम भगवंत मान (Photo: IANS)

Adarsh School Teachers Salary Hike: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के आदर्श स्कूलों में काम कर रहे शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इन शिक्षकों की मासिक सैलरी में 120 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब इन शिक्षकों को 10,000 रुपये की जगह 22,000 रुपये से अधिक मासिक वेतन मिलेगा। सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 1,100 शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा। इस मौके पर सीएम मान ने कहा कि पंजाब के भविष्य को आकार देने वाले शिक्षकों को उनके काम के लिए उचित वेतन, सम्मान और पहचान मिलनी चाहिए।

1100 शिक्षकों को मिलेगा फायदा

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, आदर्श स्कूलों के शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही वेतन संबंधी मांग को देखते हुए आप (AAP) सरकार ने यह निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछली कई सरकारों के कार्यकाल में शिक्षकों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जबकि पंजाब के भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका बेहद अहम है।

‘दो दशक से कम वेतन में काम कर रहे शिक्षक’

आदर्श स्कूलों के शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इन शिक्षकों ने करीब दो दशकों से कम वेतन के बावजूद पूरी लगन के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करने का फैसला किया है और शिक्षकों के वेतन में 120 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई है।

शिक्षकों को मिलेंगी केंद्रीय विद्यालय जैसी सुविधाएं

सिर्फ वेतन बढ़ाने तक ही सरकार का फैसला सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श स्कूलों के शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालय (Kendriya Vidyalaya) के पैटर्न पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाया जाएगा। इससे शिक्षकों की सेवा शर्तों और कामकाजी परिस्थितियों में सुधार होगा। इससे शिक्षकों को आर्थिक सुरक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं भी मिल सकेंगी।

पंजाब के आदर्श स्कूलों में 15000 से ज्यादा छात्र

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पंजाब के इन CBSE से मान्यता प्राप्त आदर्श स्कूलों में वर्तमान में 15,000 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जब शिक्षक आर्थिक और सामाजिक रूप से सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेंगे, तो इसका सीधा सकारात्मक असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ेगा।

भगवंत मान ने कहा कि शिक्षकों को सम्मान और सुरक्षा देने से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षकों के हितों की रक्षा करना है, ताकि इन स्कूलों में पढ़ने वाले हर बच्चे का भविष्य सुरक्षित रह सके। पंजाब सरकार के इस फैसले को आदर्श स्कूलों के शिक्षकों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।