26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लिफ्ट बनवाने के लिए कहा तो आग बबूला हुईं पूर्व केंद्रीय मंत्री की बेटी, SBI मैनेजर को जड़ दिया थप्पड़

SBI Branch Manager Slapped in Chennai: चेन्नई में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक को थप्पड़ मारने और धमकाने के आरोप में पूर्व केंद्रीय मंत्री और डीएमके नेता एमके अलगीरी की बेटी कयल्विझी अलगीरी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 min read
Google source verification
SBI Branch Manager Slapped

चेन्नई में SBI बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने के आरोप में पूर्व केंद्रीय मंत्री की बेटी कयल्विझी पर केस दर्ज (Photo: X/@aieaclub)

Kayalvizhi Alagiri: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक ब्रांच मैनेजर को थप्पड़ मारने और धमकाने के मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री एमके अलागिरी की बेटी कयल्विझी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है। कयल्विझी तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एम करुणानिधि की पोती हैं।

पुलिस के अनुसार, बैंक अधिकारी की शिकायत के आधार पर कयल्विझी के खिलाफ मारपीट और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच अभी चल रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 जुलाई को चेन्नई के अड्यार स्थित SBI NRI शाखा में हुई। वायरल वीडियो में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) नेता एमके अलगीरी की बेटी कयल्विझी अलगीरी बैंक मैनेजर के केबिन में एक व्यक्ति के साथ बैठकर बातचीत करती दिखाई देती हैं। बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस तेज हो जाती है और अचानक कयल्विझी उठकर बैंक मैनेजर के गाल पर थप्पड़ मार देती हैं।

पूरी घटना शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। लेकिन शनिवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

लिफ्ट की मरम्मत को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, अड्यार इलाके में मौजूद जिस व्यावसायिक इमारत में स्टेट बैंक की शाखा संचालित होती है, वह इमारत कथित तौर पर कयल्विझी की है। बताया जा रहा है कि बैंक मैनेजर ने इमारत में खराब पड़ी लिफ्ट की मरम्मत कराने का अनुरोध किया था।

इसी बात को लेकर उनके बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में कथित मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कयल्विझी ने बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारा और उन्हें धमकाया।

बैंक अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैंक के एक अधिकारी की शिकायत मिलने के बाद कयल्विझी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।