
PM Modi flags off Chennai-Coimbatore Vande Bharat train in Tamil Nadu
चेन्नई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां चेन्नई और कोयंबत्तूर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परुचि तलैवर डॉ. एमजी रामचन्द्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। नई वंदे भारत एक्सप्रेस चेन्नई से चलने वाली दूसरी वन्दे भारत एक्सप्रेस होगी। पिछले साल नवंबर में पीएम मोदी ने चेन्नई से मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
इस ट्रेन की एवरेज स्पीड होगी 80.31 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस ट्रेन के साथ ही अब देश में कुल 13 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो जाएगा। वंदे भारत ट्रेन की खासियत यह है कि यह पूरी तरह से 100 फीसदी स्वदेशी तकनीक से बनी हुई है। यह ट्रेन 100 फीसदी वातानुकूलित है और इसमें ऑटोमेटिक दरवाजे, जीपीएस सिस्टम और वाईफाई आदि जैसी कई सुविधाएं मौजूद है।
चेन्नई-कोयंबत्तूर वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट
चेन्नई और कोयम्बत्तूर के बीच चलने वाली नई ट्रेन में आठ कोच हैं जिनमें एक एग्जिक्यूटिव कोच शामिल है और कुल मिलाकर ट्रेन में 530 लोग सवार हो सकेंगे। तिरुपुर, इरोड और सेलम स्टेशनों पर ट्रेन रुकेगी। ट्रेन बुधवार को छोड़कर सभी दिन चलेगी। पहली वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली और वाराणसी के बीच फरवरी 2019 में शुरू हुई थी.
75 वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा
पीएम मोदी ने पिछले साल लालकिले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक साल के भीतर 75 वंदे भारत ट्रेन देश को देने का ऐलान किया था। इसी को देखते हुए मोदी सरकार वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ा रही है। पिछले दिनों चेन्नई से कोयंबत्तूर के लिए ट्रायल रन पर चलाई जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 22 मिनट पहले गंतव्य पर पहुंच गई। इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, केन्द्रीय रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी व सूचना-प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी मौजूद थे।
Published on:
8 Apr 2023, 6:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.