
senior congress leader tejilal saryam passed away
congress leader passed away: मध्यप्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री तेजीलाल सरेयाम का सोमवार को निधन हो गया। तेजीलाल सरेयाम के निधन से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। तेजीलाल सरेयाम की गिनती पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी नेताओं में होती थी। सरेयाम का अंतिम संस्कार छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव विधानसभा सीट के नीमकुही जो कि तेजीलाल सरेयाम का गृह ग्राम है वहां सोमवार शाम 4 बजे किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में राजनीति से जुड़े नेतागण, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनसमुदाय शामिल हुआ।
जुन्नारदेव विधानसभा के मोरडोंगरी नीमकुही निवासी मप्र शासन के पूर्व वनमंत्री तेजीलाल सरेयाम का सोमवार को करीब 11 बजे 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। तेजीलाल सरेयाम दिग्विजय सरकार में मंत्री रहे और जुन्नारदेव विधानसभा से तीन बार (1990, 1993, 1998) विधायक रहे। वे छिंदवाड़ा जिले के आदिवासी समाज के बड़े नेता थे। तेजीलाल सरेयाम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई और दिग्गज नेताओं ने सोशल मीडिया पर दुख जताया है।
तेजीलाल सरेयाम के निधन पर राजनेताओं सहित जनप्रतिनिधियों ने दुख व्यक्त किया है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा जुन्नारदेव से पूर्व विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री श्री तेजीलाल सरेयाम के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे तथा शोक संतप्त परिवार और समर्थकों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें। वहीं छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे स्वर्गीय तेजीलाल सरेयाम को अपने श्री चरणों में स्थान देकर उन्हें मोक्ष प्रदान करे, साथ ही परिवारजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति भी दे। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने भी सरेयाम के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें सच्चा आदिवासी नेता बताया।
Published on:
24 Feb 2026 05:54 pm
