
हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक। फोटो पत्रिका
बीदासर (चूरू)। चूरू जिले के नोखा-सीकर रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बैनाथा बस स्टैंड के पास एसयूवी कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक निजी स्कूल के शिक्षक की मौत हो गई, जबकि उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीदासर निवासी सुशील रेगर (32) अपने बहनोई चूरू निवासी दिनेश कुमार (41) के साथ बाइक पर सवार होकर सुजानगढ़ से बीदासर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार रात करीब 9:30 बजे बैनाथा बस स्टैंड के पास सामने से आ रही एक एसयूवी ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहन से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सुशील रेगर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिनेश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत हायर सेंटर (रेफरल अस्पताल) के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। जानकारी के अनुसार मृतक सुशील रेगर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनकी असमय मौत से उनके दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। मंगलवार को अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक के भाई पंकज रेगर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है, वहीं घायल का हायर सेंटर रेफर में उपचार किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की गहन पड़ताल कर रही है।
Updated on:
16 Jun 2026 06:43 pm
Published on:
16 Jun 2026 06:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
