
AFG VS BAN: राशिद खान की फिरकी में फिर फसे बांग्लादेशी टाइगर्स, अफगानिस्तान की 6 विकेट से जीत
नई दिल्ली। देहरादून में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच चल रहे T20 सीरीज के दूसरे मैच में अफगानिस्तान के उम्दा हरफनमौला खिलाड़ी मोहम्मद नबी ने 19वें ओवर में 5 गेंदों में 20 रन बनाकर टीम को सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त दिला दी। आखिरी के दो ओवरों में अफगानिस्तान की टीम को जीतने के लिए 20 रनों की दरकार थी, नबी ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से यह रन केवल 5 गेंदों में बना दिए। मैच के असल हीरो एक बार फिर जादुई फिरकी गेंदबाज राशिद खान ही रहे।
एक ओवर रहते अफगान ने किया स्कोर का पीछा
नबी ने 15 गेंदों पर 31 रन बनाए, लेकिन मैच में सर्वाधिक रन 3 नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शमीउल्लाह शेनवारी ने बनाए, उन्होंने मोहम्मद शहजाद(24) और उस्मान घानी(21) के आउट हो जाने के बाद महत्वपूर्ण 49 रनों की पारी खेली। बांग्लादेश के लिए नजमुल इस्लाम ने 4 ओवरों में बिना किसी सफलता के 14 रन दिए। अबु हीदर ने 3 ओवर में 1 सफलता के साथ 14 रन दिए। इन दोनों की अच्छी गेंदबाजी से बांग्लादेश ने लड़ने का मौका बनाया लेकिन नबी ने मैच 19वें ओवर में ही खत्म कर दिया।
राशिद बने मैन ऑफ द मैच
इससे पहले राशिद खान ने अफगानिस्तान के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेशी मिडिल आर्डर को 4 विकेट लेकर अपंग कर दिया। राशिद ने बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन, तमीम इकबाल और मोस्सदेक होसैन के कीमती विकेट लिए। उन्होंने यह तीनों विकेट अपने एक ही ओवर में लिए। 11वें ओवर में राशिद ने अपना पहला शिकार शाकिब को बनाया था। शाकिब ने सीरीज में वापसी करने के लिए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया।
तमीम ने संभाली बांग्लादेशी पारी
बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने सर्वाधिक रन बनाए, उन्होंने 43 गेंदों में 48 रन बनाए। मुजीब उर रेहमान की शानदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश के ऊपरी क्रम के बल्लेबाज खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर सके। शापूर जदरान ने लिटन दास के रूप में बांग्लादेश को पहला झटका मैच के दूर ओवर में दिया। नंबर 3 बल्लेबाजी करने उतरे सब्बीर रेहमान ने अपने 13 रनों के लिए अच्छी बल्लेबाजी की, वह नबी ने शिकार बनाया। मुश्फिकुर रहीम ने 22 रनों का योगदान दिया। आखिरी के ओवर में अबु हीदर(21) ने आक्रामक बल्लेबाजी कर बांग्लादेश के स्कोर को 134 तक पहुंचाया।
Published on:
06 Jun 2018 09:50 am
