
हार्दिक पंड्या। फोटो: एएनआई
Men's T20i All-Rounder Rankings: भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही तीन टी-20 मैचों की सीरीज के बीच आईसीसी रैंकिंग जारी की गई है। भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाजों में शुमार हार्दिक पांड्या ने ICC T20 ऑलराउंडर्स रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। बांग्लादेश के खिलाफ शेष मैचों में यदि हार्दिक पंड्या ने अच्छा खेल दिखाया तो वे दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर बन सकते हैं।
हार्दिक पंड्या आईसीसी की जारी ताजा टी-20 ऑलराउंडर रैकिंग में चार स्थान के सुधार के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। अब उनसे दो ही खिलाड़ी आगे हैं। इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टन पहले नंबर पर हैं। उनकी रेटिंग इस वक्त 253 की है। वहीं दूसरे नंबर पर 235 रेटिंग के साथ नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टॉयनिस और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा एक-एक स्थान फिसलकर क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वानिंदु हसरंगा एक स्थान के नुकसान के साथ अब नंबर 6 पर हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी एक स्थान की गिरावट के साथ नंबर 7 पर हैं। इसके अलावा टॉप-10 रैंकिंग में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। भारत के अक्षर पटेल इस सूची में 11वें स्थान पर बने हुए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी-20 मैच में हार्दिक पंड्या ने खेल के हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया था। बल्लेबाजी की बात करें तो उन्होंने 16 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के संग शानदार 39 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 1 विकेट चटकाए थे।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी-20 मैच में तीन विकेट लेने के बाद आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष 10 में पहुंच गए हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने आठ पायदान की बढ़त बनाते हुए टी 20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की रैंकिंग में 8वां स्थान हासिल किया। यह उनके करियर की नई सर्वोच्च रेटिंग है, जबकि इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर आदिल राशिद जून में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप और पिछले महीने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के साथ इंग्लैंड की श्रृंखला के पूरा होने के बाद भी नंबर 1 रैंकिंग पर बने हुए हैं।
Updated on:
5 Jul 2025, 3:41 PM IST
Published on:
9 Oct 2024, 5:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.