
रोहित शर्मा और विराट कोहली। (फोटो- IANS)
Virat Kohli and Rohit Sharma: रोहित शर्मा और विराट कोहली पिछले 12 महीनों के भीतर टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वह अब भारत के लिए केवल वनडे फॉर्मेट खेलते नजर आएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग को उम्मीद है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में आखिरी बार खेलने पर एक यादगार विदाई दी जाएगी।
भारत को 19-25 अक्टूबर तक पर्थ, एडिलेड और सिडनी में तीन वनडे मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है। इसके बाद 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक 5 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। महिला टीम भी WPL-2026 खत्म होने के बाद मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली है।
टॉड ग्रीनबर्ग ने मंगलवार को एक वर्चुअल बातचीत में एक के सवाल का जवाब देते हुए कहा, “यह भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों के जरिए हाइलाइट किया गया क्रिकेट का एक बड़ा समर सीजन है। इसके साथ ही एशेज भी है। लगभग दो दशकों में पहली बार, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट पूरे देश में हर एक शहर की राजधानी और क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेगा। ये आश्चर्यजनक है, जब आप इसके साथ होने वाली लॉजिस्टिक एक्सरसाइज के बारे में सोचते हैं।”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को अपनी प्री-सेल विंडो खोलते हुए आधिकारिक तौर पर एक दिन में सर्वाधिक टिकट बेचने की घोषणा की है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई फैंस और विदेशी दर्शकों को निश्चित रूप से उम्मीद होगी कि वे भारत की पुरुष और महिला टीम के दौरे के अलावा एशेज के दौरान पैसा वसूल कर पाएंगे, खास तौर पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में दर्शकों की संख्या और टिकट बिक्री के नए आयाम छूने के बाद।
ग्रीनबर्ग ने कहा, “मुझे लगता है कि पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज में टिकट बिक्री के कुछ रिकॉर्ड तोड़ने वाले आंकड़े देखे थे। मुझे उम्मीद है कि हम गर्मियों में कई टिकट्स बिकते हुए देखेंगे, जो वास्तव में अगस्त से शुरू होकर मार्च तक चलेगा। इसलिए इस बार की गर्मी ऐसी हो सकती है, जैसा हमने पहले कभी नहीं देखा होगा, क्योंकि हमारे पास इतना ज्यादा कंटेंट है।”
ग्रीनबर्ग इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन (एसीए) के प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने कहा, "अगर आप आने वाले खिलाड़ियों की क्वालिटी के बारे में सोचते हैं, खासकर भारत से, तो यह आखिरी बार हो सकता है, जब हम विराट कोहली या रोहित शर्मा को अपने देश में खेलते हुए देखें। शायद ऐसा नहीं भी हो सकता, लेकिन अगर ऐसा है, तो हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उन्हें शानदार विदाई दें, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके द्वारा किए गए अविश्वसनीय योगदान का प्रतिबिंब है।"
Updated on:
3 Jun 2025, 5:06 PM IST
Published on:
3 Jun 2025, 5:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.