
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली। (फोटो सोर्स: IANS)
Ben Dwarshuis wants to hunt down Virat Kohli: ऑस्ट्रेलिया के लेफ्ट आर्म पेसर बेन ड्वार्शियस ने साफ कर दिया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के मौजूदा सीजन में विराट कोहली का कीमती विकेट लेने से ज्यादा खुशी उन्हें किसी और चीज से नहीं होगी। 31 वर्षीय ड्वार्शियस कोई आम गेंदबाज नहीं है। वह बिग बैश लीग के इतिहास में वह 164 विकेट लेकर दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दिसंबर में हुई नीलामी में 4.40 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद वह पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
जब बेन ड्वार्शियस से सवाल किया गया कि इस सीजन में वह किस भारतीय बल्लेबाज का विकेट लेना चाहते हैं, तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के साफ-साफ बता दिया कि वह भारत के पूर्व कप्तान और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ 2025 में आईपीएल जीतने वाले विराट कोहली का विकेट लेना चाहते हैं। बता दें कि इस सीजन में पंजाब किंग्स का आरसीबी से सामना 17 मई को होगा।
उन्होंने कहा कि शायद छह या सात ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं, जिनके नाम मैं गिना सकता हूं। लेकिन, विराट कोहली का विकेट लेने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता, चाहे मैच अपने देश में हो या बेंगलुरु में। वह निश्चित रूप से एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनका विकेट लेकर मुझे बहुत खुशी होगी।
ड्वार्शियस ने 2022 में अपने इंटरनेशनल डेब्यू के बाद से अब तक सिर्फ 6 वनडे और 15 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनका मानना है कि आईपीएल जैसी लीग खिलाड़ियों को सुर्खियों में लाने में बहुत अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जब भी आप मैदान पर उतरते हैं तो हमेशा लोगों की नजरें आप पर होती हैं। चाहे वे ऑस्ट्रेलिया से देख रहे हों या किसी और लीग से। इन टूर्नामेंट्स को जितनी ज्यादा लोकप्रियता मिलती है, उसे देखते हुए अगर आप कुछ साल अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो हर कोई आपके बारे में बात करने लगता है।
ड्वार्शियस के पास टी20I टीम में अपनी जगह पक्की करने का एक शानदार मौका है, क्योंकि पिछले साल मिचेल स्टार्क के टी20I से रिटायर होने के बाद से ही ऑस्ट्रेलिया उनके विकल्प की तलाश में है। उनके साथ इस दौड़ में जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस और स्पेंसर जॉनसन भी इस दौड़ में शामिल हैं। बेन कहते हैं कि ऑस्ट्रेलियाई टीम में ऐसे कई गेंदबाज हैं, जो मिच स्टार्क, हेजलवुड और कमिंस के पीछे रहे हैं। लेकिन इन तीनों ने किसी और के लिए अपनी जगह लेने का दरवाजा आसानी से नहीं खोला है।
उन्होंने कहा कि मिच के रिटायर होने से जाहिर तौर पर एक जगह खाली हो गई है। ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जो उस जगह को पाने की कोशिश कर रहे हैं। मुकाबला बहुत कड़ा है, लेकिन यह जानते हुए कि एक जगह खाली है, अगर आप अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आपके लिए टीम में जगह बनाने का एक संभावित रास्ता खुल जाता है।
Updated on:
05 Apr 2026 11:44 am
Published on:
05 Apr 2026 11:44 am
