
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन साथी खिलाड़ी से गले मिलते। (फोटो सोर्स: IANS)
East Zone becomes Duleep Trophy Champion: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन ने इतिहास रच दिया है। दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन को चैंपियन घोषित किया गया है। इसके साथ ही ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी की अगुवाई वाली ईस्ट जोन का नाम भारतीय घरेलू क्रिकेट इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया है। इसके साथ ही उसने 13 साल के खिताबी सूखे को भी खत्म कर दिया है। आखिरी दिन मैच ड्रॉ होने और ईस्ट जोन के विजेता घोषित होते ही खिलाड़ियों ने जोरदार जश्न मनाया।
बता दें कि ईस्ट जोन का ये तीसरा दलीप ट्रॉफी के खिताब है। इससे पहले उसने आखिरी बार 2012-13 में ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। पहली पारी में ईस्ट जोन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 708 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। कप्तान ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 334 गेंदों पर 30 चौके और 7 छक्के की मदद से 270 रनों की जबरदस्त पारी खेली। वहीं, कुमार कुशाग्र ने शतक लगाया और 132 गेंदों में 101 रनों का योगदान दिया। शिखर मोहन ने 85 रन बनाए, तो वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 37 गेंदों में 44 रन बनाए। अभिमन्यु ईश्वरन ने 86 गेंदों में 72 रनों का योगदान दिया। अनुकूल रॉय ने 45 और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने 40 रन बनाए।
वहीं, साउथ जोन की टीम कप्तान तिलक वर्मा की 99 रनों की पारी के बावजूद 336 रन पर सिमट गई। तिलक के अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 62 रन बनाए, जबकि वी मिलिंद 43 रन बनाकर आउट हुए। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार ने 3 विकेट, तो मोहम्मद शमी, कुरैशी और शिखर मोहन ने दो-दो विकेट लिए।
ईस्ट जोन ने पहली पारी के आधार पर 372 रनों की विशाल बढ़त के बावजूद साउथ को फॉलोआन नही खिलाया। ईस्ट ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन किया। टीम ने मैच ड्रॉ होने के ऐलान से पहले 7 विकेट खोकर 388 रन बनाए। ईशान किशन ने दूसरी पारी में 80 रन बनाए। वहीं, मोहम्मद कुनैन कुरैशी 190 गेंदों में 116 रन बनाकर नाबाद रहे। अनुकूल रॉय ने 64 रनों का योगदान दिया, तो शिखर मोहन ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।
Updated on:
10 Sept 2026 03:24 pm
Published on:
10 Sept 2026 03:07 pm
