
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड भारत के खिलाफ हेडिंग्ले में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से कंधे की चोट के कारण बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने सोमवार को बताया कि वुड तीसरे टेस्ट में खेलने के लिए फिट नहीं है। ईसीबी ने बयान जारी कर कहा, वुड टीम के साथ लीड्स में साथ होंगे और रिहेबिलिटेशन में रहेंगे। तीसरा टेस्ट खत्म होने के बाद उनकी चोट की स्थिति देखी जाएगी।
फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे वुड
वुड जिन्होंने लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पांच विकेट लिए थे उन्हें ऋषभ पंत के शॉट पर बाउंड्री रोकने के प्रयास के दौरान चोट लगी थी। फिजियो की जांच के बाद वह चौथे दिन मैदान से बाहर चले गए थे।हालांकि, अंतिम दिन वुड मैदान पर उतरे थे और उन्होंने चार ओवर तक गेंदबाजी की थी।वुड के अलावा भी इंग्लैंड के कई महत्वपूर्ण खिलाड़ी जैसे ओली स्टोन, बेन स्टोक्स, स्टुअर्ट ब्रॉड और जोफ्रा आर्चर विभिन्न कारणों की वजह से टेस्ट सीरीज में शामिल नहीं है।
साकिब महमूद कर सकते हैं डेब्यू
वुड के अनुपलब्ध रहने का मतलब है कि साकिब महमूद अगले मैच से टेस्ट में डेब्यू करेंगे। हालांकि, क्रैग ओवरटोन भी एकादश में शामिल होने की दौड़ में शामिल हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच बुधवार से शुरू होना है। भारत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है।
Published on:
23 Aug 2021, 6:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.