
Gautam Gambhir News: टीम इंडिया के हेड कोच के आवेदन की आधिकारिक समय सीमा यानी अंतिम तिथि आईपीएल के 17वें संस्करण के समापन के एक दिन बाद 27 मई को समाप्त हो गई। पहले कई ऐसी रिपोर्ट सामने आई थीं कि राहुल द्रविड़ के बाद इस पद के लिए बीसीसीआई ने रिकी पोंटिंग और जस्टिन लैंगर से संपर्क साधा है, लेकिन इसके बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने स्पष्ट कर दिया था कि ऐसा कुछ नहीं किया गया है। बीसीसीआई ऐसे कोच को प्रमुखता देगा, जो भारतीय क्रिकेट का अच्छा ज्ञान रखता हो और उसे आगे बढ़ा सके। उसके बाद ये साफ हो गया था कि टीम इंडिया का अगला कोच भारतीय ही होगा। इसी बीच रिपोर्ट सामने आ रही है कि गौतम गंभीर ही अगले हेड कोच होंगे।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक आईपीएल फ्रेंचाइजी के एक हाई प्रोफाइल मालिक, जो बीसीसीआई के करीबी हैं। उन्होंने सूचित किया है कि भारतीय टीम के हेड कोच के पद पर गौतम गंभीर की नियुक्ति तय हो गई है और जल्द ही इसको लेकर घोषणा की जाएगी। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि गंभीर ने अपने करीबी लोगों से इस जॉब को लेकर बताया है कि वह विचार कर रहे हैं और इसकी जानकारी केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान को भी है।
माना जा रहा है कि गौतम गंभीर टीम इंडिया के कोच पद के लिए अपना आवेदन दाखिल कर चुके हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बता दें कि इस साल के लोकसभा चुनाव से पहले गौतम गंभीर ने अपनी लोकसभा सीट छोड़ दी थी। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष से खुद को राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करने का अनुरोध भी किया था, ताकि वे अपनी क्रिकेट प्रतिबद्धताओं को पूरा कर सकें।
गौतम गंभीर का बतौर खिलाड़ी और मेंटर के रूप में ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है। हालांकि पारिवारिक प्रतिबद्धताएं उनके लिए समस्या हो सकती हैं। बता दें कि केकेआर के मेंटर के रूप में सिर्फ दो माह के कार्यकाल में ही उन्होंने 5 ब्रेक लिए। वहीं, अब भारतीय टीम में हेड कोच की जिम्मेदारी का मतलब है, बहुत व्यस्त कार्यक्रम। इस कार्यकाल के दौरान उन्हें टीम के साथ करीब 10 महीने की यात्रा करनी होगी, जो गंभीर के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
Published on:
28 May 2024 07:05 pm
