
भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 सीरीज (फोटो- BCCI)
India vs Afghanistan 1st T20 Weather Report: आईपीएल 2026 के बाद पहली बार भारतीय खिलाड़ी अपने घर पर कोई टी20 मुकाबला खेलने आज शाम दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उतरेंगे। हालांकि, दिल्ली के मौसम में अचानक बदलाव की वजह से मैच का मजा किरकिरा हो सकता है। यही नहीं, भारतीय क्रिकेट फैंस पहली बार वैभव सूर्यवंशी को अपनी सरजमीं पर कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए देख सकते हैं। हालांकि, बारिश इन सभी उम्मीदों पर पानी फेर सकती है।
यह भारत में बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की पहली सीरीज है। हालांकि, अफगानिस्तान आधिकारिक मेजबान है, लेकिन अय्यर यूके और जिम्बाब्वे में टीम की कप्तानी करने के बाद पहली बार भारतीय सरजमीं पर 'मेन इन ब्लू' की कमान संभालते नजर आएंगे। आयरलैंड से दो मुकाबलों की टी20 सीरीज 0-2 से और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 0-4 से गंवाने के बाद, भारत मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगा। हालांकि, टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे में 3-0 से क्लीन स्वीप करके जबरदस्त वापसी की है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच साल 2010 से अब तक कुल 9 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें 7 मैच टीम इंडिया ने जीते। इनके अलावा, 1 मुकाबला टाई रहा, जिसे भारत ने सुपर ओवर में अपने नाम किया, जबकि एक अन्य मैच बेनतीजा रहा।
रविवार को मैच के दौरान बारिश दखल दे सकती है। 'एक्यूवेदर' के अनुसार, इस दिन बारिश की 64 प्रतिशत आशंका है, जिससे मुकाबले के दौरान रुकावट आ सकती है। मैच शाम 7 बजे शुरू होना है। रविवार को सुबह की तुलना में दोपहर और शाम को बारिश का खतरा ज्यादा है। दोपहर 12 बजे तक बारिश की आशंका 10 प्रतिशत या उससे कम है, लेकिन दोपहर 1 बजे के बाद यह लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। शाम 6 बजे बारिश की आशंका 40 प्रतिशत, जबकि 7 बजे यह घटकर 37 प्रतिशत रह सकती है। अगले दो घंटों में बारिश की आशंका थोड़ी बढ़कर 40 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। रात 10 बजे 37 प्रतिशत और 11 बजे 34 प्रतिशत हो सकती है।
Updated on:
13 Sept 2026 07:42 am
Published on:
13 Sept 2026 07:41 am
