
संजू सैमसन और गौतम गंभीर (फोटो- IANS)
India vs England T20 Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले संजू सैमसन (Sanju Samson) की खराब फॉर्म की चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि टीम स्क्वाड में एक ऐसा बल्लेबाज (Vaibhav Suryavanshi) भी शामिल है जिसने हाल ही में खत्म हुए आईपीएल में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 776 रन ठोके थे। ऐसे में संजू सैमसन पर प्रदर्शन का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले इस बल्लेबाज की मौजूदा फॉर्म बेहद खराब रही है। पिछले तीन मुकाबलों में वह सिर्फ 6 रन ही बना सके हैं। वहीं, विदेशों में खेले गए उनके पिछले 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की बात करें तो उनमें से 8 बार वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। हालांकि, जिन दो मुकाबलों में उन्होंने दहाई का आंकड़ा पार किया, उनमें उन्होंने शतक जड़ा।
टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को संजू सैमसन की बल्लेबाजी में एक तकनीकी कमी नजर आई है। उन्होंने ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए कहा कि अगर संजू बाहर की गेंदों को जबरजस्ती खेलने की कोशिशें छोड़ दें तो उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार हो सकता है।
इरफान पठान ने कहा, "जब आप गेंद को संजू सैमसन से दूर रखना चाहते हैं तो आप ऑफ स्टंप के बाहर लाइन रखना पसंद करेंगे। उनके बल्ले का फेस अक्सर बंद रहता है। जब वह ऑफ साइड में शॉट खेलने की कोशिश करते हैं तो कई बार बल्ले का फेस खुल जाता है, जिसकी वजह से वह लगातार सस्ते में आउट हो रहे हैं। अगर संजू इस तकनीकी कमी को दूर कर लेते हैं तो वह फिर से बड़ी पारियां खेल सकते हैं।"
आपको बता दें कि आयरलैंड दौरे पर भी संजू सैमसन का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा था। पहले टी20 में वह सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में उनका खाता भी नहीं खुल सका था। दोनों मैचों में उन्हें भारतीय मूल के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने आउट किया था। इंग्लैंड दौरे पर खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भी संजू सैमसन सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
Published on:
03 Jul 2026 11:10 am
