
IND vs NZ Match Highlights: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 249 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रनों पर ढेर हो गई। इस मैच में भारतीय के स्पिनरों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। वहीं, वरुण चक्रवर्ती ने अकेले ही आधी कीवी टीम को पवेलियन भेजकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
इस मैच में भारत के स्पिनरों ने इतिहास रच दिया। वरुण चक्रवर्ती ने 10 ओवर में 42 रन देकर 5 विकेट झटके, जो चैंपियंस ट्रॉफी में डेब्यू पर दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनसे आगे केवल जोश हेजलवुड 6/52, जिन्होंने 2017 में ये कारनामा किया था। चक्रवर्ती ने अपने दूसरे ही वनडे में पांच विकेट लेकर स्टुअर्ट बिन्नी 6/4 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे जल्दी हासिल किया गया पांच विकेट हॉल है। बिन्नी ने यह उपलब्धि अपने तीसरे वनडे मैच में हासिल की थी। इसके अलावा यह पहला मौका है जब चैंपियंस ट्रॉफी के किसी एक मैच में दो गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट लिए हों। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने भी पांच विकेट हासिल किए थे।
वरुण चक्रवर्ती के अलावा कुलदीप यादव ने 9.3 ओवर में 56 रन देकर 2 विकेट, रवींद्र जडेजा ने 8 ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट और अक्षर पटेल ने 10 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। भारत के स्पिनरों ने कुल 9 विकेट झटके, जो चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में किसी एक पारी में स्पिनरों द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के स्पिनरों के नाम दर्ज था, जिसने 2004 में केन्या के खिलाफ 8 विकेट लिए थे।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और कीवी गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाते हुए भारत को 50 ओवर में 249/9 के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती की अगुवाई में भारतीय स्पिनरों के सामने यह लक्ष्य न्यूजीलैंड के लिए पहाड़ के समान साबित हुआ। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। विल यंग (22) और रचिन रविंद्र (6) जल्दी पवेलियन लौट गए।
पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 120 गेंदों पर 81 रनों की सबसे ज्यादा रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से विकेटों की झड़ी लगी रही। डेरिल मिचेल (17), टॉम लाथम (14) और ग्लेन फिलिप्स (12) जैसे बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों के सामने बेबस नजर आए। अंत में मिचेल सेंटनर ने 28 रनों की छोटी पारी खेली, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस तरह न्यूजीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रनों पर सिमट गई।
Updated on:
3 Mar 2025, 12:11 PM IST
Published on:
3 Mar 2025, 12:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.