
भारत बनाम इंग्लैंड (फोटो- IANS)
India vs England T20 Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा। टीम इंडिया तीसरी बार इंग्लैंड के खिलाफ इस मैदान पर टी20 मैच खेलने उतरेगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच यहां दो मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों टीमों को एक-एक जीत मिली है। 2011 में पहली बार भारत और इंग्लैंड की टीमें यहां आमने-सामने हुई थीं, और वह मैच किस्से-कहानियों के हिसाब से इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया था।
मैनेचेस्टर में जब पहली बार दोनों टीमें आमने सामने हुईं, तो इंग्लैंड ने छह विकेट से जीत हासिल की। इसके बाद 2018 में दोनों टीमें दूसरी बार मैनचेस्टर में भिड़ीं और भारत ने आठ विकेट से मुकाबला जीतकर हिसाब बराबर कर लिया। हालांकि जब पहली बार इस मैदान पर भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने हुई थीं, तब कई ऐसे ऐतिहासिक पल देखने को मिले थे, जिनकी चर्चा आज भी सोशल मीडिया और क्रिकेट कमेंट्री में होती है।
आपको बता दें कि यह वही मुकाबला था, जिसमें राहुल द्रविड़ ने अपने करियर का पहला और आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इसी मुकाबले में अजिंक्य रहाणे ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। यही वह मैच था, जिसमें विराट कोहली ने गेंदबाजी करते हुए केविन पीटरसन को महेंद्र सिंह धोनी के हाथों स्टंप आउट कराया था। इस घटना की चर्चा आज भी क्रिकेट कमेंट्री में अक्सर होती है। ये विराट कोहली का पहला टी20 विकेट भी था।
उस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बनाए थे। भारत की ओर से अजिंक्य रहाणे ने 61, राहुल द्रविड़ ने 31 और सुरेश रैना ने 33 रन बनाए थे। वहीं, प्रवीण कुमार, रविचंद्रन अश्विन, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की ओर से एलेक्स हेल्स ने 31 रन बनाए, जबकि इयोन मॉर्गन ने 49, रवि बोपारा ने 31 और समीत पटेल ने 25 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
Published on:
04 Jul 2026 09:36 am
