
IPL 2018: शार्दुल ठाकुर को धोनी ने दिया ऐसा गुरुमंत्र कि गेंदबाज ने अपनी बल्लेबाजी से मचा दिया धमाल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण में मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए पहले क्वालीफायर मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हरा फाइनल में जगह बना ली है। सनराइजर्स हैदराबाद यह मैच हारकर भी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है और उसे एलिमिनेटर में जीतने वाली टीम से फाइनल में पहुंचने के लिए मुकाबला करना होगा। सनराइजर्स द्वारा दिए गए छोटे लक्ष्य(140) का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 62 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन एक छोर पर चेन्नई के सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस(नाबाद 67) टिके रहे और टीम को जीत दिलाई। अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी करने आए शार्दुल ठाकुर ने तूफानी पारी खेल फाफ डु प्लेसिस का बढ़िया साथ दिया और टीम को टारगेट के पार पहुंचाया। जीत के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का श्रेय अपने कप्तान को दिया। चेन्नई ने यह मैच दो विकेट से 5 गेंद रहते जीता।
शार्दुल ने खेली तूफानी पारी
फाफ डु प्लेसिस के साथ मिलकर अंतिम ओवरों में शार्दुल ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाई। उन्होंने मात्र 5 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 15 रन बनाए। आखिरी के तीन ओवरों में चेन्नई को जीत के लिए 43 रनों की दरकार थी। 18वें ओवर में कार्लोस ब्रैथवेट ने 20 रन दिए और हैदराबाद ने हरभजन सिंह को आउट कर एक सफलता भी पाई। अब 2 ओवरों में 23 रन चाहिए थे और शार्दुल बल्लेबाजी पर आ चुके थे। 19वें ओवर की पहली दो गेंदों पर शार्दुल ने चौके जड़े, इसके बाद उन्होंने इस ओवर की आखिरी गेंद पर भी चौका जड़ मैच का रुख चेन्नई की ओर मोड़ दिया। आखिरी ओवर में 6 रनों की दरकार थी, डु प्लेसिस ने पहली ही गेंद पर छक्के से मैच का अंत किया।
शार्दुल ने धोनी को दिया श्रेय
शार्दुल ने मैच में अपनी शानदार बल्लेबाजी का श्रेय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दिया। उन्होंने मैच खत्म होने पर प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा कि "मुझे लगा कि अच्छा होगा अगर मैं कुछ रन बनाऊ, इससे फाफ को मैच खत्म करने में आसानी होगी। वो सेट था। मैंने अपने कोच से हमेशा कहा कि मैं बल्लेबाजी कर सकता हूं। पिछले साल भी मुझे पुणे के लिए दो बार बल्लेबाजी के ऐसे मौके मिले थे और मैं कुछ नहीं कर सका था। इस बार मैंने मैच खत्म करने का मन बना लिया था। धोनी ने कहा था कि 'गेंद देख के रियेक्ट करना'। फाफ और मैंने चर्चा की थी कि क्या करना है। उन्होंने मुझे सिंगल लेने को कहा था । लेकिन इसके उलट हुआ और मुझे चौके मिलते गए। इसी मनोरंजन के लिए लोग मैच देखने आते हैं। उनको मनोरंजन मिला भी। मुझे भरोसा हमेशा से था। अगर आपको मैच जीतना है तो भरोसा होना जरुरी है।"
शार्दुल ने गेंदबाजी में 50 रन लुटाए थे
धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। चेन्नई के गेंदबाज शुरू से ही हावी रहे और पहली गेंद से ही उन्होंने इस अहम मैच में अपना दबदबा दिखाया।चहर ने पहली ही गेंद पर धवन को बोल्ड कर हैदराबाद को बड़ा झटका दिया। कप्तान केन विलियमसन ने आकर तेजी से रन बटोरे और शुरुआती विकेट के कारण आए दवाब को कम करने की कोशिश की, लेकिन लुंगी नगिदी ने दूसरे छोर पर खड़े श्रीवत्स गोस्वामी (12) को अपनी ही गेंद पर कैच कर हैदराबाद पर और दवाब बना दिया। दो रन बाद विलियमसन,ठाकुर की गेंद पर पवेलियन लौट लिए। विलियमसन ने 15 गेंदों में चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए। यहां से हैदराबाद की टीम बैकफुट पर आ गई। यूसुफ पठान (24) धैर्य के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन ब्रावो ने अपनी ही गेंद पर एक बेहतरीन कैच पकड़ उनकी पारी पर पूर्णविराम लगा दिया। पठान के बाद ब्राथवेट ने कुछ रन बटोर हैदराबाद के संघर्ष करने लायक स्कोर दिया।चेन्नई के लिए ब्रावो ने दो विकेट लिए। चहर, नगिदी, ठाकुर और जडेजा ने एक-एक विकेट लिए। शार्दुल ने 50 रन लुटाए थे।
Published on:
23 May 2018 09:44 am
