
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण के 14वें मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 46 रनो से हराया। जीत के नायक रहे मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा। मुंबई की यह आईपीएल 2018 में पहली जीत थी। इस मैच के खत्म होने के साथ ही पर्पल कैप और ऑरेंज कैप होल्डर भी बदल गए हैं। पर्पल कैप एक बार फिर मुंबई के लेग स्पिनर मयंक मार्कण्डेय के सर सज गई है और ऑरेंज कैप पर कोहली ने 92 रन की शानदार पारी खेल कब्जा जमा लिया है। मयंक के पास पर्पल कैप जरूर है लेकिन उन्होंने अपने एक साथी खिलाड़ी को इसका श्रेय दिया है।
मयंक और क्रुणाल ने एक दूसरे की तारीफ की
मंगलवार को मुंबई और बैंगलोर के बीच हुए मैच के पोस्ट मैच शो में जब मयंक को पर्पल कैप मिली और उनसे उनकी राय पूछी गई तो उन्होंने बताया कि "मैं पर्पल कैप दुबारा पा कर बहुत ही खुश हूं। बहुत ही अच्छा लगा रहा है कि मैं सुनील नरेन और क्रिस वोक्स जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाजो के साथ प्रतियोगिता कर रहा हूं ।" फिर आगे उन्होंने क्रुणाल पंड्या कि तरफ इशारा कर बताया कि "यह मेरी मैच के टाइम और नेट्स दोनों जगह पर भरपूर सहायता करता है और सब बहुत ही अच्छा जा रहा है।" क्रुणाल ने कल मैच में तीन विकेट झटके जिसमे कोरी एंडरसन, वाशिंगटन सुन्दर और मनदीप सिंह का विकेट शामिल है। क्रुणाल ने भी मयंक कि तारीफ करते हुए कहा कि मयंक से मैं बहुत ज्यादा प्रभावित हूं, अगर मैं और मयंक टीम को 8 ओवर दे सकेंगे तो यह हम दोनों के लिए साथ ही टीम के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद साबित होगा।
मयंक के सर पर्पल कैप
मयंक ने मंगलवार को बैंगलोर के खिलाफ सरफराज खान को स्टंप करवा के अपना आईपीएल 2018 में आठवां विकेट झटका था जिसकी मदद से वो सुनील नरेन के 7 विकेटों से ऊपर टॉप पर पहुंच गए थे। इस स्थान पर बने रहने के लिए मयंक को लगातार शानदार प्रदर्शन करना होगा। मयंक का यह पहला आईपीएल है और वो अपने प्रदर्शन से सभी को काफी प्रभावित कर चुकें हैं। मयंक से पहले और भारतीय लेग स्पिनर भी आईपीएल के जरिए सभी को प्रभवित कर चुकें हैं जैसे कि कुलदीप यादव और यजुवेनंद्र चहल। मयंक ने अभी तक काफी प्रतिभा और हौसला दिखाया है लेकिन भारतीय टीम के लिए दावेदारी पेश करने के लिए उन्हें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
खराब शुरुवात के बाद भी मुंबई ने जीता मैच
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलोर के सामने 214 रनों की चुनौती रखी थी। बेंगलोर की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर सिर्फ 167 रन ही बना सकी। बेंगलोर के लिए कप्तान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 92 रन बनाए जिसके लिए उन्होंने 62 गेंदें खेलीं और सात चौके तथा चार छक्के लगाए। इससे पहले, मुंबई के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने 94 रनों की पारी खेली जबकि इविन लुइस ने 65 रन बनाए।रोहित ने अपनी पारी में 52 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा पांच छक्के लगाए। लुइस ने अपनी पारी में 46 गेंदें खेलीं और पांच शानदार छक्कों के अलावा छह चौके लगाए। मैच की पहली दो गेंदों पर विकेट गिर जाने से मुंबई की टीम संकट में थी लेकिन लुइस और रोहित के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 108 रनों की साझेदारी के दम पर मुंबई 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाने में सफल रही।बेंगलोर के लिए उमेश यादव और कोरी एंडरसन ने दो-दो विकेट लिए। क्रिस वोक्स को एक विकेट मिला।
Published on:
18 Apr 2018 09:16 am
