
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण में राजस्थान रॉयल्स(RR) ने मुंबई इंडियंस(MI) के खिलाफ मैच जीतकर अपने प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत किया है। उनकी टीम अपने बचे हुए दो मैच जीतकर प्लेऑफ में पहुंचना चाहेगी। इसी बीच उनकी टीम करारे झटके से बची है। उनकी टीम के मेंटर शेन वार्न ने घर लौटने का मन बना लिया था लेकिन टीम के मालिकों ने उनकी फ्लाइट ही कैंसिल करा दी जिस कारण वह अब टीम के साथ बने रहेंगे।
MI को हरा, मजबूत की प्लेऑफ की दावेदारी
सलामी बल्लेबाज जोस बटलर की 94 रनों की आक्रामक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 47वें मैच में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के लिए बटलर ने 9 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने 53 गेंदों पर 94 रन बनाकर राजस्थान के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा। बटलर को उनकी धुआंधार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ में जाने कि उम्मीदें बढ़ी हैं।
वार्न छोड़ रहे थे टीम का साथ
राजस्थान रॉयल्स के मेंटर व पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वार्न वापस ऑस्ट्रेलिया लौट रहे थे। कल राजस्थान की मुंबई पर जीत के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए यह सूचना दी। राजस्थान की टीम ने उनको मेंटर चुना था। शुरूआती आईपीएल सत्रों में शेन वार्न राजस्थान रॉयल्स टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। वह इस टीम के साथ भावनात्मक सम्बन्ध रखते हैं।
इंस्टाग्राम पोस्ट में वार्न ने खिलाड़ियों को जमकर सराहा
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा यह मेरा टीम के साथ आखिरी दिन है। क्योंकि मुझे कल ऑस्ट्रेलिया लौटना है। मुझे टीम के साथ जुड़कर काफी अच्छा लगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आईपीएल में बल्लेबाज बहुत ही इनोवेटिव खिलाड़ियों में तब्दील हो गए हैं। अब गेंदबाजों को उनके खिलाफ रन रोकने की न सोचकर उनको आउट करने की मानसिकता के साथ गेंदबाजी करनी चाहिए। उन्होंने जोस बटलर को जमकर सराहा। इसके साथ ही उन्होंने बेन स्टोक्स की भी बहुत तारीफ की। उन्होने बेन स्टोक्स, जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर और संजू सेमसन को भविष्य का खिलाड़ी बताया है।
जाते-जाते रुके शेन वार्न
वार्न ने इस सिलसिले में एक तजा ट्वीट कर यह सूचना दी कि उनकी फ्लाइट टीम ओनर्स ने कैंसिल करा दी है और वह अब कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले अगले मैच के लिए टीम के साथ बने रहेंगे। राजस्थान रॉयल्स का अगला मैच 15 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन में हैं।
Updated on:
14 May 2018 03:34 pm
Published on:
14 May 2018 03:53 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
