
IRE vs SA 1st ODI Highlights and Score: अबू धाबी के शेख जायद इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार की रात को साउथ अफ्रीका और आयरलैंड के बीच पहला वनडे मैच खेला गया, जिसमें प्रोटियाज टीम ने शानदार जीत हासिल की। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 271 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम मात्र 132 रन पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका की ओर से विलियम लिजाड ने शानदार गेंदाबाजी की और 4 विकेट चटकाए तो बल्लेबाजी के दौरान सलामी बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने 91 रनों की पारी खेली तो ट्रिस्टन स्टब्स ने 79 रन बनाए। साउथ अफ्रीका ने पहला वनडे 139 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
साउथ अफ्रीका के कप्तान टेंबा बवुमा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रयान रिकेल्टन और टॉनी डी जॉर्जी ने पारी की शुरुआत की लेकिन 7वें ओवर में ही टीम को पहला झटका लग गया। कप्तान टेंबा बवुमा फिर फ्लॉप रहे और 4 रन बनाकर आउट हुए। वान डर डुसेन तो खाता भी नहीं खेल सके और मार्क अडायर का दूसरा शिकार हुए। रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स ने चौथे विकेट के लिए 150 से अधिक रन की साझेदारी की और अपना अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों के आउट होने के बाद बीजोन फॉर्च्यून और लुंगी एनगिडी की पारियों ने टीम को 270 के पार पहुंचाया।
272 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लुंगी एनगिडी ने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर पॉल स्टार्लिंग को आउट कर दिया। इसके बाद विलियम्स की घातक गेंदबाजी देखने को मिली और उन्होंने एक के बाद एक 3 विकेट लेकर आयरलैंड का स्कोर 59 रन पर 4 विकेट कर दिया। इस शुरुआती झटके से आयरिश टीम कभी उबर नहीं पाई और 132 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए सबसे ज्यादा जॉर्ज डॉकरेल ने 21 रन बनाए तो एंड्र्यू बालबर्नी और कर्टिस कैंफर ने 20-20 रन बनाए। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला इसी मैदान पर शुक्रवार, 4 अक्टूबर को खेला जाएगा।
Updated on:
03 Oct 2024 11:43 am
Published on:
03 Oct 2024 10:47 am
