
ईशान किशन ने जड़ा दोहरा शतक (फोटो- IANS)
East Zone vs South Zone Duleep Trophy Final: दलीप ट्रॉफी 2026 के खिताबी मुकाबले में ईशान किशन ने दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। वह टूर्नामेंट के इतिहास में ईस्ट जोन के लिए फाइनल में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले और कुल तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। ईशान किशन ने चौके के साथ अपना दोहरा शतक पूरा किया। ईस्ट जोन के लिए इससे पहले अरुण लाल ने दो बार और सबा करीम ने एक बार दोहरा शतक जड़ा था। हालांकि फाइनल में यह कारनामा करने वाले वह ईस्ट जोन के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
इसके अलावा दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ऐसा करने वाले सिर्फ 5वें बल्लेबाज बन गए। इससे पहले रमन लांबा, चेतेश्वर पुजारा, यूसुफ पठान और यशस्वी जायसवाल यह कारनामा कर चुके हैं। ईशान किशन ने अपनी पारी में 26 चौके और दो छक्के लगाए।
ईशान किशन इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में भी शतक जड़ा था, जिसकी वजह से झारखंड ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया था। अब ईशान किशन की कप्तानी में वह एक और ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंच चुके हैं। अब उन्हें पहली पारी में बस बढ़त हासिल करनी है। इसके अलावा, हाल ही में खेली गई विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट में भी उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की थी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भी उन्होंने शतक जड़ा था।
ईशान किशन लगातार बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। वह इस पारी की बदौलत फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4000 से ज्यादा रन के आंकड़े को भी पूरा कर लिया है। इस दौरान उनका औसत 40 के आसपास का रहा है। उनके नाम 9 शतक और 19 अर्धशतक हैं। यह बताते हैं कि इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट में भी ईशान किशन का बल्ला जमकर रन उगलता है।हालांकि, भारत के लिए अब तक सिर्फ दो ही टेस्ट मैच खेल पाए हैं, जिसमें एक शतक उनके नाम शामिल है।
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में डबल सेंचुरी लगाने बल्लेबाजों की बात की जाए तो रमन लांबा का नाम सबसे पहले आता है। उन्होंने 1987-88 के फाइनल में नॉर्थ जोन की ओर से वेस्ट जोन के खिलाफ भिलाई में 320 रन की पारी खेली थी। इसके बाद यूसुफ पठान ने वेस्ट जोन के लिए खेलते हुए 2009-10 के फाइनल में दोहरा शतक जड़ा था। चेतेश्वर पुजारा ने 2016 के फाइनल में इंडिया ब्लू की ओर से इंडिया रेड के खिलाफ ग्रेटर नॉएडा में नाबाद 256 रन बनाए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल ने भी इस लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया। 2022 के फाइनल में वेस्ट जोन की ओर से साउथ जोन के खिलाफ कोयंबटूर में उन्होंने 265 रन की धमाकेदार पारी खेली।
Updated on:
07 Sept 2026 02:17 pm
Published on:
07 Sept 2026 01:54 pm
