
पाकिस्तानी पूर्व पेसर शोएब अख्तर और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी। (फोटो सोर्स: IANS)
Shoaib Akhtar on Pakistan Cricket Team: साल 2022 के बाद पाकिस्तान क्रिकेट की तस्वीर ही बदल गई। वो आखिरी साल था जब पाकिस्तान की टीम किसी आईसीसी इवेंट के फाइनल में पहुंची थी। हालांकि उस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भी पाकिस्तान लड़खड़ाते हुए पहुंची और इंग्लैंड के खिताबी मुकाबले में बुरी तरह रौंद डाला। उसके बाद अगले ही साल वनडे वर्ल्डकप खेला गया और टीम अगले राउंड में भी जगह नहीं बना सकी। इस समय टीम इंग्लैंड दौरे पर है और शुरुआती दोनों मैच हार चुकी है। सीरीज के बीच में PCB ने बड़ा फैसला लिया और 7 खिलाड़ियों को बाहर कर दिया, जिसके बाद शोएब अख्तर ने टीम को जमकर लताड़ा है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन पर बात करते हुए शोएब अख्तर ने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट खुद अपने खिलाड़ियों से निराश है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, "पीसीबी खुद इन खिलाड़ियों से काफी निराश है और उन्हें पाकिस्तान के मौजूदा स्क्वॉड से कोई उम्मीद नहीं है। उनका प्लान इस स्क्वॉड को हटाकर नए खिलाड़ियों को टीम में जगह देने का है। वह उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहते हैं, जो सिर्फ पाकिस्तान के लिए खेलना चाहते हैं। वह अब भविष्य को देख रहे हैं और मेरे हिसाब से पीसीबी सही दिशा में काम कर रहा है।"
अख्तर ने कहा कि बदलाव के इस दौर में शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ के करियर का पीसीबी को ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा, "बदलाव के इस दौर में मैं यही चाहता हूं कि शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ के करियर का बचाव हो। उन खिलाड़ियों में अभी काफी क्रिकेट बची हुई है।"
शोएब अख्तर ने बताया कि उनकी पीसीबी के एक अधिकारी से भी बात हुई, जिन्होंने बताया कि इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की मौजूदा टीम से कोई उम्मीद नहीं है। अख्तर ने बताया कि अधिकारी का कहना है कि उन्हें अगली पीढ़ी से उम्मीदें हैं, जिन्हें बड़े स्टेज के लिए तैयार किया जा रहा है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर के अनुसार, पीसीबी अधिकारी का कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट फिलहाल 'वेंटिलेटर' पर है और नेशनल सेटअप को दोबारा जीवित होने में कम से कम दो साल लगेंगे।
पाकिस्तान को लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 194 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को एक पारी और 103 रनों से हराया था। पाकिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अब तक खेले गए दोनों ही टेस्ट मैचों में बेहद निराशाजनक रहा है। सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 9 सितंबर से एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाना है।
Updated on:
07 Sept 2026 12:21 pm
Published on:
07 Sept 2026 12:21 pm
