
इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में कप्तान बनाया गया है (फोटो- IANS)
Joe Root Captain, England vs New Zealand 2nd Test: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुक़ाबला 17 जून से खेला जाएगा। लंदन के द ओवल में खेले जाने वाले इस मैच से पहले इंग्लैंड की टीम ने एक बड़ा ऐलान किया है। इस मैच के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को अंतरिम कप्तान नियुक्त किया गया है।
नाइटक्लब कांड के चलते टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा नहीं हैं और इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की जांच के दायरे में हैं। बोर्ड ने दोनों के दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होने की पुष्टि कर दी है।
इंग्लैंड ने अपने स्क्वाड में दो बदलाव किए हैं। स्टोक्स और एटकिंसन की जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को टीम में शामिल किया गया है, जबकि पहला टेस्ट नहीं खेलने वाले जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है।
अप्रैल 2022 के बाद पहली बार जो रूट टेस्ट टीम की कप्तानी संभालते नजर आएंगे। रूट 2017 से 2022 तक 64 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड के कप्तान रह चुके हैं। इस बार उन्हें हैरी ब्रूक पर तरजीह दी गई है। ब्रूक इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान हैं और हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर बाउंसर लगने के मामले में विवादों में रहे थे।
ईसीबी ने आधिकारिक बयान में कहा कि जांच पूरी होने तक स्टोक्स और एटकिंसन को टीम से अलग रखा गया है। घटना में सारासेन्स अकादमी के खिलाड़ी और ईसीबी सुरक्षा दल के सदस्य टोटोआ औवा का नाम सामने आया है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक स्टोक्स और एटकिंसन सीधे तौर पर लड़ाई में शामिल नहीं थे। एक सुरक्षा कर्मी घायल हुआ था, लेकिन पुलिस को नहीं बुलाया गया और इस मामले में किसी आपराधिक कार्रवाई की संभावना नहीं जताई जा रही है।
पहला टेस्ट लॉर्ड्स में खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 115 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। लेकिन जीत की इस खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। नाइटक्लब कांड के कारण अब इंग्लैंड को अपना दूसरा टेस्ट मैच बिना स्टार कप्तान बेन स्टोक्स के खेलना पड़ेगा।
जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिनसन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर) और जोश टंग।
Updated on:
10 Jun 2026 08:15 pm
Published on:
10 Jun 2026 08:15 pm
