नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 43वें मैच में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से हो रहा है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में जारी इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने सुरेश रैना के अर्धशतक और अंतिम ओवरों में कप्तान धोनी और सैम बिलिंग्स की अच्छी बल्लेबाजी के दम पर 176 रनों का स्कोर खड़ा किया। प्लेऑफ में स्थान हासिल करने की उम्मीद बरकरार रखने के लिए राजस्थान को इस मैच में जीत हासिल करनी होगी, वहीं चेन्नई लगभग प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है।
मैच का ताजा हाल -
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम को सलामी बल्लेबाज जोस बटलर और बेन स्टोक्स ने सधी हुई शुुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 24 गेंदों पर 48 रनों की साझेदारी की। भज्जी ने स्टोक्स को आउट कर चेन्नई को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद जडेजा ने कप्तान रहाणे को आउट किया। लेकिन जोस बटलर दूसरे छोर पर जमें है। बीच में सैमसन रन आउट हुए। जबकि उसके बाद प्रशांत भी आउट हुए। खबर लिखे जाने तक राजस्थान ने 13 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 108 रन बना लिए है। जोस बटलर लगातार चौथे मैच में अर्धशतक लगा कर अब भी क्रीज पर जमे है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अंबाती रायडू नौ गेंदों पर बारह रन बनाकर जोफ्रा ऑचर के शिकार बने। रायडू के बाद रैना अभी क्रीज पर आए है। दूसरे विकेट के लिए रैना औऱ वाटसन ने 86 रनों की साझेदारी की। ऑचर ने 39 के निजी स्कोर पर वाटसन को आउट कर चेन्नई को दूसरा झटका दिया। हालांकि दूसरे छोर पर खड़े रैना ने शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए आईपीएल में अपना 34वां अर्धशतक पूरा किया। हालांकि रैना फिफ्टी ापूरा करने के बाद ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं रुक सके। ईश सोढ़ी ने रैना को 52 के स्कोर पर आउट किया।
अंतिम ओवरों में ऐसे बने रन -
रैना के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे सैम बिलिंग्स ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बेहतरीन साथ देते हुए टीम के स्कोर को बढ़ाते रखा। धोनी और बिलिंग्स ने कमजोर गेंदों पर भरपूर प्रहार किया तो अच्छी गेंदों का सम्मान भी किया। धोनी 23 गेंदों पर 33 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दोनों टीमों में चार बदलाव -
चेन्नई के अंतिम एकादश में सैम बिलिंग्स और कर्ण शर्मा की वापसी हुई है। इन दोनों को ध्रुव शोरे और लुंगी नगीदी के स्थान पर टीम में जगह मिली है। इसके अलावा, राजस्थान की अंतिम एकादश में भी बदलाव हुए हैं। अंकित शर्मा टीम में शामिल हुए हैं, वहीं प्रशांत चोपड़ा आईपीएल में पदार्पण करने जा रहे हैं। इन्हें अनुरीत सिंह और महिपाल लोमरोर की जगह शामिल किया गया है।
दोनों टीमें इस प्रकार है-
चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान-विकेटकीपर), शेन वाटसन, अंबाती रायडू, सुरेश रैना, सैम बिलिंग्स, ड्वेन ब्रावो, रवींद्र जड़ेजा, कर्ण शर्मा, डेविड विले, हरभजन सिंह और शार्दूल ठाकुर
राजस्थान रॉयल्स :अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), प्रशांत चोपड़ा, संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, स्टुअर्ट बिन्नी, कृष्णप्पा गौथम, जोफरा आर्चर, अंकित शर्मा, जयदेव उनादकट और ईश सोढ़ी।