
Mahela Jayawardene on Jasprit Bumrah Injury: मुंबई इंडियंस (MI) के हेड कोच महेला जयवर्धने का मानना है कि आईपीएल 2025 के शुरुआती चरण में जसप्रीत बुमराह का उपलब्ध ना होना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही बुमराह टीम से जुड़ जाएंगे। जयवर्धने ने कहा कि जसप्रीत फिलहाल एनसीए बेंगलुरु में हैं और चोट से उबर रहे हैं। अब हमें उनके फीडबैक का इंतजार करना होगा। फिलहाल सब कुछ अच्छा चल रहा है और वह अच्छी भावना में हैं। उनका ना होना एक चुनौती हैं। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं और हमारे लिए पिछले कई सालों से शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि यह किसी और के लिए एक मौका भी है, हम इसे ऐसे ही देख रहे हैं।
बता दें कि जसप्रीत बुमराह फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी बेंगलुरु में अपनी पीठ की चोट से उबर रहे हैं और जनवरी से ऐक्शन से बाहर हैं। उन्हें यह चोट ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी टेस्ट के दौरान लगी थी। इसी वजी से वह आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे।
चैंपियंस ट्रॉफी टीम की घोषणा करते हुए तब भारतीय टीम के प्रमुख चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा था कि बुमराह को कम से कम पांच सप्ताह का समय लग सकता है। वह शुरुआती चैंपियंस ट्रॉफी टीम में थे, लेकिन बाद में उन्हें बाहर होना पड़ा। आईपीएल 2025 में मुंबई का पहला मैच 23 मार्च को चेन्नई के खिलाफ है, जिसमें बुमराह ही नहीं, बल्कि टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या भी नहीं खेलेंगे।
Updated on:
19 Mar 2025 02:39 pm
Published on:
19 Mar 2025 02:39 pm
