
Mind Games before Border-Gavaskar Trophy: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज शुरू होने में अब सिर्फ एक सप्ताह का समय रह गया है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाडि़यों ने भारतीय टीम के साथ माइंड गेम खेलना शुरू कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया में जब भी भारतीय टीम खेलने के लिए जाती है तो वहां का मीडिया और पूर्व खिलाड़ी माइंड गेम खेलने से नहीं चूकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और बल्लेबाज आरोन फिंच ने कंगारू तेज गेंदबाजों से भारतीय बल्लेबाजों को डराने की कोशिश की है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 22 नवंबर को पर्थ में खेला जाएगा।
आरोन फिंच ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों के सामने खड़े रह पाएंगे। उन्हें पर्थ में गति और उछाल से काफी परेशानी होगी। युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के बारे में भी काफी बातें हो रही हैं। मैं जानता हूं कि यशस्वी अच्छा खिलाड़ी है लेकिन वो इससे पहले ऑस्ट्रेलिया नहीं आया है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि वो पर्थ की बाउंस का सामना कर पाएगा। पर्थ में पारी की शुरुआत करना आसान काम नहीं है।
फिंच ने कहा कि इस बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में दोनों विकेटकीपर बल्लेबाजों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत और ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी पर काफी जिम्मेदारी होगी। दोनों टीमों का तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी अच्छा है और शीर्षक्रम बल्लेबाजों को मुश्किल होगी। ऐसे में सातवें नंबर पर एलेक्स कैरी और छठे नंबर पर ऋषभ पंत काफी अहम साबित होंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम टेस्ट सीरीज से पहले आपस में एक अभ्यास मुकाबला खेलेगी। यह मुकाबला इंट्रा-स्क्वाड होगा, ताकि खिलाड़ी मैच प्रैक्टिस कर सकें। हालांकि पहले भारतीय टीम का इंडिया-ए टीम के साथ अभ्यास मैच प्रस्तावित था, जिसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद यह तय किया गया कि आपस में ही एक मुकाबला खेला जाए।
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने पहली बार अभ्यास सत्र में शिरकत करते हुए नेट्स पर जमकर बल्लेबाजी की। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विराट शॉर्ट ऑफ लेंथ और तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं। वहीं, इंडिया-ए के लिए अच्छी पारी नहीं खेल सके लोकेश राहुल ने भी अभ्यास सत्र में शिरकत की।
Updated on:
14 Nov 2024, 10:01 AM IST
Published on:
14 Nov 2024, 10:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.