10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘मैं हर दिन 100-150 छक्के मारने की प्रैक्टिस करता हूं’ नए ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ स्‍पेशलिस्‍ट मुकुल चौधरी का बड़ा बयान

Mukul Choudhary Big Claim: मुकुल चौधरी ने दावा किया है कि वे हर दिन 100-150 छक्‍के मारने की प्रैक्टिस करते हैं और हेलीकॉप्‍टर शॉट उनका पसंदीदा शॉट है।

3 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Apr 10, 2026

Mukul Choudhary Big Claim

केकेआर के खिलाफ जीत के हीरो रहे मुकुल चौधरी को कांधे पर उठाती एलएसजी की टीम। (फोटो सोर्स: IANS)

Mukul Choudhary Big Claim: मुकुल चौधरी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 27 गेंदों में 54 रनों की धमाकेदार पारी खेलते हुए अकेले अपने दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हारे हुए मैच में जीत दिलाई है। इस तूफानी पारी के बाद राजस्‍थान के झुंझुनू का ये लाल सुर्खियों में है। मुकुल के पिता हमेशा चाहते थे कि उनका बेटा एक क्रिकेटर बने। इस लड़के ने न सिर्फ अपने पिता के सपनों को पूरा किया है, बल्कि आईपीएल 2026 में जबरदस्त हलचल भी मचा दी है। मुकुल यूं ही आईपीएल तक नहीं पहुंचे हैं। इसके लिए उन्‍होंने बचपन से कड़ी मेहनत और संघर्ष किया है। उनके प्रेरणास्‍त्रोत कोई और नहीं, बल्कि एमएस धोनी हैं, जिन्‍हें देखकर उन्‍होंने हेलीकॉप्टर शॉट सीखा है।

'मैंने बचपन से ही उस शॉट की प्रैक्टिस की है'

एलएसजी के लिए मैच जिताऊ पारी खेलने वाले मुकुल का कहना है कि मैंने बचपन से ही उस शॉट की प्रैक्टिस की है। (वह उस शॉट का जिक्र कर रहे थे, जो उन्होंने 17वें ओवर में वैभव अरोड़ा की गेंद पर छक्‍के के लिए मारा था।) मुझे वह शॉट हमेशा पसंद रहा है और जिस तरह से धोनी फिनिश करते थे। वह यॉर्कर गेंद पर भी छक्का मार देते थे। अगर आप इस तरह की गेंद पर भी छक्का मार देते हैं, तो गेंदबाज कुछ अलग करने के बारे में सोचने लगता है।

अगली 22 गेंदों पर ठोक डाले 53 रन

जब 24 गेंदों में 54 रनों की जरूरत थी और एलएसजी के सात विकेट गिर चुके थे, तब मुकुल के साथ सिर्फ निचले क्रम के बल्लेबाज ही बचे थे। अपनी पहली पांच गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाने के बावजूद उन्‍होंने अगली 22 गेंदों पर 53 रन ठोक दिए। इसमें सात छक्के और सिर्फ दो चौके शामिल थे।

'मैं हर दिन 100-150 छक्के मारने की प्रैक्टिस भी करता हूं'

छक्के मारने की अपनी काबिलियत के बारे में उन्होंने बताया कि मेरा शरीर थोड़ा ताकतवर है और यह मुझे कुदरती तौर पर मिला है। मैं हर दिन 100-150 छक्के मारने की प्रैक्टिस भी करता हूं। इसलिए अगर आप लगातार ऐसा करते रहते हैं तो बल्ले की रफ्तार बढ़ जाती है। मैं पिछले पांच-छह महीनों से काफी प्रैक्टिस कर रहा हूं। इसलिए यह मेरे खेल में नजर आने लगा है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिखाया था जलवा

बता दें कि मुकुल चौधरी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में ही अपनी प्रतिभा का जलवा दिखा दिया था। उन्होंने राजस्थान की तरफ से दिल्ली के खिलाफ सिर्फ 26 गेंदों में सात छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए और 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। चौधरी ने यह टूर्नामेंट 57.66 के औसत और 198.85 के स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाकर खत्म किया था।

2.6 करोड़ में खरीदा था एलएसजी ने

लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा था और अब उन्‍होंने ये साबित कर दिया है कि उनमें किया गया निवेश बेकार नहीं गया है। एलएसजी के हेड कोच जस्टिन लैंगर पहले ही उन्‍हें चार महीनों में भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या नंबर 7 का बल्लेबाज बनाने की भविष्‍यवाणी कर चुके हैं। होस्ट ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए लैंगर ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि चौधरी और भी बड़ी ऊंचाइयों को छू सकते हैं। वह अभी बहुत युवा है और उसकी आंखों में एक खास चमक है।

'वह हर दिन 10-15 मिनट सिर्फ मेरे साथ बिताते हैं'

वहीं, मुकुल ने लैंगर के शब्दों से मिली प्रेरणा के बारे में कहा कि उन्होंने मुझ पर भरोसा दिखाया, इसलिए अब मेरा फर्ज था कि मैं उनका भरोसा कायम रखूं। प्रैक्टिस के दौरान वह हर दिन 10-15 मिनट सिर्फ मेरे साथ बिताते हैं। उन्होंने मुझे जो कुछ भी सिखाया, वह मेरे काम आया। इसलिए, जब उन्होंने मुझ पर भरोसा किया, तो मैंने बस अपना काम किया।