
न्यूजीलैंड के खिलाड़ी सूर्या से खौफजदा, बोले- हम ऐसा खेलने के बारे में सपने में नहीं सोच सकते।
India vs New Zealand T20 Series : सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप में जिस तरह से 360 डिग्री बल्लेबाजी की है। उससे दुनिया भर के गेंदबाज खौफजदा हैं। क्रिकेट के कई दिग्गज सूर्या की तारीफों में कसीदे पढ़ चुके हैं तो कईयों ने यहां तक कहा है कि आखिर गेंदबाजों के उन्हें गेंद कहा फेंकें। फिलहाल टीम इंडिया न्यूजीलैंड के दौरे पर टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते रद्द हो गया है। अब सबकी नजरें 20 नवंबर रविवार को होने वाले दूसरे मैच पर हैं। न्यूजीलैंड के मध्यक्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स भी ताबड़तोड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के फैन बन गए हैं। फिलिप्स ने मैच से पहले कहा है कि वह उन चीजों को करने के विषय में सपने में भी नहीं सोच सकते जो सूर्या ने इस साल मैदान में की हैं।
बता दें कि सूर्यकुमार और फिलिप्स दोनों ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। आईसीसी की मौजूदा टी20 रैंकिंग में नंबर 1 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपनी 360 डिग्री बल्लेबाजी के बूते 6 पारियों में 239 रन ठोके हैं। न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स का कहाना है कि सूर्या सचमुच अविश्वसनीय हैं, जो चीजें उन्होंने की हैं। हम उन्हें करने के बारे में सपने में भी नहीं सोच सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसा करने की कोशिश करेंगे, लेकिन हमारा खेल अलग है।
'सूर्या की कलाई की ताकत अविश्वसनीय'
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिलिप्स ने कहा कि सूर्यकुमार यादव कलाई की जिस ताकत से वह लेग साइड में सिक्स मारते हैं, वह देखना अविश्वसनीय है। इसके साथ ही फिलिप्स ने कहा कि भले सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से बिना कोई गेंद फेंके धुल गया, लेकिन सूर्यकुमार यादव दूसरे और तीसरे टी20 में ढेरों रन बनाएंगे।
यह भी पढ़े - ब्रेट ली की सर्वश्रेष्ठ टीम में भारत के 4 खिलाड़ी, बाबर आजम समेत ये दिग्गज नहीं
'न्यूजीलैंड में अधिक के स्ट्राइक रेट से खेलेंगे सूर्या'
फिलिप्स ने आगे कहा कि मैं आसानी से देख सकता हूं कि सूर्या का स्ट्राइक रेट ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले यहां अधिक होगा। उन्होंने कहा कि यहां के मैदान छोटे हैं और पिच पर घास ज्यादा होने के कारण बॉल को उछाल भी मिलेगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह किस स्ट्राइक रेट से खेलते हैं।
यह भी पढ़े - रवि शास्त्री के बयान पर अश्विन का नया खुलासा
Published on:
19 Nov 2022, 4:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.