
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा (photo - @BLACKCAPS/X)
Kane Williamson announces retirement: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसके साथ उनके 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। विलियमसन कीवी टीम के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2019-21 का खिताब अपने नाम किया था। यह कीवी टीम की पहली आईसीसी ट्रॉफी थी।
संन्यास लेने के बाद विलियमसन ने कहा, “मैं काफी समय से इस बारे में सोच रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो गया कि अब विदा लेने का सही समय आ गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रति मेरे भीतर हमेशा गहरी प्रेरणा और जुनून रहा है। मुझे गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मैच में मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। अगर मैं इससे कम प्रतिबद्धता के साथ खेलता, तो यह मेरे लिए सही नहीं होता।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे अपनी शर्तों पर इस सफर को विराम देने का मौका मिला। मैं न्यूजीलैंड टीम के भविष्य को लेकर काफी आशावादी हूं। इस टीम में अपार प्रतिभा है और कुछ खास हासिल करने की भूख भी है। मैं इस टीम से बेहद प्यार करता हूं और इतने लंबे समय तक इसका हिस्सा रहने के लिए खुद को भाग्यशाली मानता हूं। यह टीम हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगी।”
विलियमसन ने अपना अंतरराष्ट्रीय सफर अगस्त 2010 में शुरू किया था। उन्होंने भारत के खिलाफ श्रीलंका के दांबुला में वनडे डेब्यू किया। नवंबर 2010 में भारत के खिलाफ अहमदाबाद में टेस्ट डेब्यू और अक्टूबर 2011 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 डेब्यू किया।
16 साल के करियर में विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए 378 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 452 पारियों में 48.12 की औसत से 19,346 रन बनाए। उनके नाम 48 शतक और 103 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 251 रन रहा। वह न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरे स्थान पर रॉस टेलर (18,199 रन) हैं।
विलियमसन ने वनडे में 175 मैचों की 167 पारियों में 48.69 की औसत से 7,256 रन बनाए है। इस दौरान उन्होंने 15 शतक और 47 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 148 रन रहा। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 110 मैचों की 195 पारियों में 54.06 की जोरदार औसत से 9515 रन बनाए। इस दौरान विलियमसन ने 38 अर्धशतक और 33 शतक ठोके। वहीं अंतरराष्ट्रीय टी20 में इस खिलाड़ी ने 93 मैच की 90 पारियों में 33.44 की औसत से 2,575 रन बनाए। उनके बल्ले से 18 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा। इस प्रारूप में उन्होंने 123.08 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
Updated on:
12 Jun 2026 04:45 pm
Published on:
12 Jun 2026 03:51 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
