
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत। (फोटो सोर्स: IANS)
Rishabh Pant fined: लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार रात ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। लेकिन, इस मैच के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पंत को बड़ा झटका दिया है। बोर्ड ने उन्हें आईपीएल नियम के तहत स्लो ओवर रेट बनाए रखने का दोषी पाते हुए 12 लाख का जुर्माना लगाया है।
इंडियन प्रीमियर लीग के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत ऋषभ पंत पर जुर्माना लगाया गया है, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है। इस नियम के तहत लखनऊ सुपर जायंट्स की यह इस सीजन की पहली गलती थी। इसलिए सजा सिर्फ कप्तान के जुर्माने तक ही सीमित रही। आईपीएल ने पुष्टि की है कि पंत पर इस गलती के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत स्लो ओवर-रेट की सजा कैप्टन पर तब लगाई जाती है, जब कोई टीम तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाती है। पहली गलती पर आम तौर पर कप्तान पर जुर्माना लगाया जाता है, जबकि दूसरी बार गलती होने पर कप्तान के साथ ही पूरी टीम को सजा भुगतनी पड़ती है। वहीं, बार-बार गलती करने पर ज्यादा सजा हो सकती है।
आईपीएल 2026 के 59वें मैच में सीएसके से मिले 188 रन के लक्ष्य को एलएसजी ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलएसजी की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए मिशेल मार्श ने मात्र 38 गेंदों पर 7 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 90 रन की पारी खेल टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। जोश इंग्लिश ने 32 गेंदों पर 36 और निकोलस पूरन ने 17 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए।
इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए थे। सीएसके के लिए कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों पर 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 71 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा शिवम दुबे ने 16 गेंदों पर 32 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 16 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली थी।
Updated on:
16 May 2026 11:51 am
Published on:
16 May 2026 11:33 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
