
नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के बीच छत्तीस का आंकड़ा अक्सर देखने को मिल जाता था। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अब क्रिकेट खेलना छोड़ दिया है, लेकिन एक दूसरे पर तंज कसना अभी तक जारी है। रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने सहवाग को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उनके पास सहवाग से ज्यादा धन-दौलत है।
सहवाग के इस बयान की प्रतिक्रिया में दिया है जवाब
- शोएब अख्तर के इस बयान को सहवाग की उस टिप्पणी के जवाब में देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि शोएब अख्तर भारतीय क्रिकेट और उसके क्रिकेटरों की बहुत तारीफ करते हैं क्योंकि वह अधिक से अधिक पैसा कमाना चाहते हैं।
- शोएब ने अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए ताजा वीडियो में कहा है, 'मेरे पास आपके ( वीरेंद्र सहवाग ) सिर पर बाल की तुलना में अधिक माल (पैसा) है। यदि आप इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि मेरे इतने फॉलोअर्स हैं, तो इसे समझें, मुझे शोएब अख्तर बनने में 15 साल लग गए। हां! भारत में मेरे बड़े प्रशंसक हैं, लेकिन मैंने उनकी आलोचना भी की जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में अच्छा नहीं खेला।'
बांग्लादेश जाता हूं तो ट्रैफिक रूक जाता है- शोएब अख्तर
शोएब अख्तर ने सहवाग की बात करते हुए कहा, 'मैं एक वीडियो देख रहा था, जिसमें सहवाग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि मैं (शोएब) पैसे कमाने के लिए भारत की तारीफ करता हूं... लेकिन मैं उन्हें जवाब दे दूं कि मेरे प्रशंसक भारत में हैं। जब मैं बांग्लादेश जाता हूं तो मुझे देखने के लिए ट्रैफिक रुक जाता है, ऑस्ट्रेलिया में मैं 10 सेकंड भी अकेले नहीं रह सकता, फैंस घेर लेते हैं। इसलिए बता दूं कि सहवाग आपके सिर पर जितने बाल नहीं हैं, उससे अधिक मेरे पास माल है।'
Updated on:
23 Jan 2020 12:50 pm
Published on:
23 Jan 2020 12:43 pm
