
चैंपियंस ट्रॉफी के साथ शुभमन गिल। (फाइल फोटो सोर्स: एक्स@/BCCI)
Shubman Gill birthday wishes: भारतीय टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल आज मंगलवार 8 सितंबर को अपना 27वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस खास मौके पर जहां सोशल मीडिया पर परिवार के साथ केक काटने का वीडियो वायरल हो रहा है, तो उन्हें दिग्गजों से बधाइयां भी मिल रही हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जहां उनकी उपलब्धियां गिनाते हुए उन्हें बधाई दी है, तो वहीं बोर्ड उपाध्यक्ष ने उनकी लीडरशिप क्वालिटी की तारीफ की है। जबकि पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने उनके लिए इंस्टाग्राम स्टोरी पर खास संदेश भेजा है।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने गिल को बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने लिखा कि शुभमन गिल को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपका शानदार स्ट्रोकप्ले, रनों की भूख और शांत इरादा लाखों लोगों को प्रेरित करता रहे। आने वाले साल आपके लिए अनगिनत यादगार पारियां, शानदार जीतें और देश के लिए कई और मील के पत्थर लेकर आएं। चमकते रहो, स्कोर करते रहो और देश को गर्व महसूस कराते रहो।
वहीं, भारत के पूर्व आलराउंडर युवराज सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "हैप्पी बर्थडे, प्रिंस! आपको लगातार मजबूत होते और इतनी आसानी और धैर्य के साथ जिम्मेदारी निभाते देखना बहुत अच्छा लग रहा है। कड़ी मेहनत करते रहो और आपको सफलता और ढेर सारे शतकों से भरे एक और साल की शुभकामनाएं!
बीसीसीआई ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के साथ शुभमन गिल को जन्मदिन की बधाई दी है। इसके साथ उनके आंकड़े भी शेयर किए हैं। बता दें कि 8 सितंबर 1999 को पंजाब के फाजिल्का में जन्मे गिल सबसे होनहार युवा बल्लेबाजों में से एक हैं। वह मौजूदा भारतीय टीम के लीडरशिप ग्रुप के एक अहम सदस्य हैं। उन्होंने अब तक अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक कुल 146 मैचों में 7291 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 21 शतक भी आए हैं।
रोहित शर्मा के टेस्ट से रिटायरमेंट के बाद गिल को 2025 के इंग्लैंड दौरे के लिए भारत का टेस्ट कप्तान बनाया गया। उन्होंने एक शानदार सीरीज खेली, जिसमें 75.40 के औसत से 754 रन बनाए, जिसमें चार शतक और करियर की सबसे अच्छी 269 रन की पारी शामिल है। भारत ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज इंग्लैंड की सरजमीं पर 2-2 से ड्रॉ करवाई थी। गिल ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत को 1-0 से जीत दिलाई।
Updated on:
08 Sept 2026 03:46 pm
Published on:
08 Sept 2026 03:46 pm
