
SRH vs DC Match (Photo- IANS)
SRH vs DC Match Preview: आईपीएल 2026 का 31वां मुकाबला आज मंगलवार 21 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है, क्योंकि एसआरएच और डीसी दोनों ही टीम पॉइंट्स टेबल में 6-6 अंक के साथ क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं। इस मैच से पहले आप यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, हैदराबाद के मौसम का हाल, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और दोनों की टीमों की ताकत समेत सभी महत्वपूर्ण डिटेल्स यहां पढ़ सकते हैं।
एसआरएच के लिए ये सीजन मिला-जुला रहा है। टीम ने अब तक खेले 6 मैचों में 3 जीत हासिल की है और 3 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एसआरएच ने अपने पिछले 2 मैच लगातार जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ये जीत एसआरएच को अपने घरेलू मैदान पर मिली है।
वहीं, डीसी ने 5 मैचों में से 3 में जीत हासिल की है। डीसी ने शुरुआत लगातार 2 मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद लगातार 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। अपने पिछले मुकाबले में आरसीबी को उसके घर में 6 विकेट से हराकर डीसी जीत की पटरी पर लौटी है।
हैदराबाद की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन लाइन लेंथ के साथ सटीक गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल सकते हैं। एसआरएच बनाम डीसी मैच पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा। यह वही पिच है, जिस पर एसआरएच ने इस सीजन की शुरुआत में एलएसजी के खिलाफ एक कम स्कोर वाला मैच खेला था।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमांग बदानी उस पिछले मैच को बहुत ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहते, क्योंकि उन्हें पता है कि पिच पर पानी डालने, गर्मी और रोलिंग की वजह से इसकी प्रकृति बदल सकती है। हैदराबाद में शाम का तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक इन दोनों का आमना-सामना आईपीएल में 26 बार हुआ है। इनमें से एसआरएच ने 13 मैच जीते हैं, वहीं डीसी ने 12 मैचों में जीत हासिल की है। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है।
हैदराबाद के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, कप्तान ईशान किशन, और हेनरिक क्लासेन बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, तो गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाजों ईशान मलिंगा, प्रफुल हिंगे, और साकिब हुसैन ने अच्छा प्रभाव दिखाया है। नीतीश कुमार रेड्डी ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम को संतुलित किया है। डीसी के खिलाफ मैच में एसआरएच प्रबंधन को इन खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
डीसी के लिए बल्लेबाजी में केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर के प्रदर्शन में निरंतरता रही है। गेंदबाजी में लुंगी एंगिडी, टी. नटराजन, मुकेश कुमार बेहतरीन रहे हैं। स्पिन में कुलदीप यादव ने अच्छा प्रदर्शन किया है। डीसी के लिए पाथुम निसांका और कप्तान अक्षर पटेल की असफलता चिंता का विषय है। समीर रिजवी भी पहले 2 मैचों के बाद लगातार फ्लॉप रहे हैं। एसआरएच के खिलाफ जीत के लिए डीसी को एक टीम के रूप में एकजुट प्रदर्शन करना होगा।
Published on:
21 Apr 2026 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
