
SRH vs MI: IPL 2025 के 41वें मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस (MI) की भिड़ंत होगी। वानखेड़े में हार झेलने के बाद अब सनराइजर्स हैदराबाद की कोशिश रहेगी कि अपने घर में मुंबई इंडियंस से बदला लिया जाए। मुंबई इंडियंस ने जहां लगातार अपने पिछले तीन मैच जीते हैं तो वहीं सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को पूरे सीजन में केवल दो जीत मिली है। आइए जानते हैं आंकड़ों के लिहाज से इस मैच में क्या खास रहने वाला है।
आईपीएल में हैदराबाद के घरेलू मैदान पर एसआरएच के लिए अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन की तिकड़ी बेहद प्रभावशाली साबित हुई है। इन तीनों बल्लेबाजों ने घरेलू परिस्थितियों का भरपूर लाभ लेते हुए लगातार मैच-विनिंग प्रदर्शन किए हैं। अभिषेक ने हैदराबाद में 18 पारियों में 32.1 की औसत और शानदार 208 के स्ट्राइक रेट के साथ 513 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।
हेड ने 11 पारियों में 45.9 की औसत और 184 की स्ट्राइक रेट के साथ पांच अर्धशतक की मदद से 459 रन बनाए हैं। वहीं, क्लासेन ने 14 पारियों में 54.3 की औसत और 186 की स्ट्राइक रेट के साथ 543 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है। इन तीनों की दमदार बल्लेबाजी ने एसआरएच को हैदराबाद में काफी मजबूत बना रखा है।
रोहित शर्मा की फॉर्म में वापसी ने मुंबई और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है। अपने पिछले मैच में महत्वपूर्ण अर्धशतक लगाने के बाद रोहित आत्मविश्वास से भरे हुए हैं, लेकिन अब उनका सामना पैट कमिंस से होगा, जिनके खिलाफ उनका रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। आईपीएल में कमिंस के खिलाफ रोहित ने सात पारियों में सिर्फ 40 रन बनाए हैं और वे चार बार आउट हुए हैं। इस दौरान उनका औसत 10 और स्ट्राइक रेट 121.2 का रहा है। ऐसे में यह मुकाबला रोहित की नई लय और कमिंस की विकेट लेने की क्षमता के बीच दिलचस्प टकराव बन सकता है, जो मैच का रुख तय कर सकता है।
अभिषेक ने मुंबई के खिलाफ पिछले मुकाबले में 40 रनों की पारी खेली थी। पिछले मैच में वह अपने अंदाज में नहीं खेल सके थे, लेकिन घरेलू मैदान पर वह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना चाहेंगे। हालांकि, उनके सामने ट्रेंट बोल्ट की चुनौती होगी, जिनके खिलाफ अभिषेक का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। आईपीएल में बोल्ट के खिलाफ उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 30 रन बनाए हैं, जिसमें वे दो बार आउट हुए हैं। उनका औसत 15 और स्ट्राइक रेट 103.5 का रहा है।
हालांकि इस सीजन में बोल्ट पावरप्ले में खास असर नहीं छोड़ पाए हैं और हाल के मैचों में वे केवल एक ही ओवर पावरप्ले में फेंक रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या अभिषेक इस बार बोल्ट की गेंदबाजी का डटकर सामना कर पाते हैं या नहीं।
सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की सफलता काफी हद तक उनके पावरप्ले प्रदर्शन पर निर्भर रही है। जब भी सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले छह ओवरों में आक्रामक शुरुआत की है, उन्होंने मुकाबले पर पकड़ बनाई है। खास तौर पर उन्होंने वे दोनों मैच जीते हैं जहां पावरप्ले में 65 से ज्यादा रन बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 94/1 और पंजाब किंग्स के खिलाफ 83/0, जिसमें अभिषेक और हेड की धमाकेदार बल्लेबाजी ने बड़ी भूमिका निभाई।
इसके उलट, जब भी सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले में 65 से कम रन बनाए हैं, जैसे कि 62/2 बनाम एलएसजी, 58/4 बनाम डीसी, 33/3 बनाम केकेआर, 45/2 बनाम जीटी और 46/0 बनाम एमआई तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इससे साफ है कि उनके ओपनर्स की फॉर्म और शुरुआती आक्रमण ही उनके मैच के नतीजों को तय कर रहे हैं।
Updated on:
22 Apr 2025 09:48 pm
Published on:
22 Apr 2025 08:38 pm
