
SRI vs SA: डिविलियर्स के बिना श्रीलंका को चुनौती देने आई अफ्रीकी टीम, कल से दौरे का आगाज
नई दिल्ली। मिस्टर 360 डिग्री नाम से मशहूर रहे दक्षिण अफ्रीकी के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने आईपीएल के दौरान अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी। उनके संन्यास के बाद अफ्रीकी टीम गुरुवार से श्रीलंका के दौरे का आगाज करेगी। इस लंबे दौरे पर श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज होनी है। जिसके बाद पांच वनडे और एक टी-20 मैच खेला जाना है। अफ्रीकी टीम के इस टूर की शुरूआत कल (गुरुवार) से हो रही है। दोनों देशों के बीच गुरुवार से पहला टेस्ट मैच गॉल में खेला जाएगा। लंबे समय बाद अफ्रीकी टीम डिविलियर्स के बिना टेस्ट मैच खेलने उतरेगी, तो देखना यह खास होगा कि टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है?
कप्तान ने रबाडा पर जताया भरोसा-
सीरीज शुरू होने से पहले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा है कि कागिसो रबाडा में वो काबिलियत है कि वो डेल स्टेन से तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान ले सकते हैं और उसे बखूबी संभाल सकते हैं। दक्षिण अफ्रीका इस समय श्रीलंका दौरे पर है। इस टेस्ट सीरीज से स्टेन लंबे अंतराल बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। उन्हें जनवरी में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में चोट लग गई थी।
रबाडा लेंगे स्टेन की जगह- फाफ
वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने डु प्लेसिस के हवाले से लिखा है, "स्टेन ने लंबे समय तक हमारे गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभाली है, लेकिव अब मुझे लगता है कि रबादा उनसे यह जिम्मेदारी ले सकते हैं। उनके पास योग्यता है। उनके पास नियंत्रण और तेजी है जिसके कारण वो विश्व कप में किसी भी परिस्थति में गेंदबाजी कर सकते हैं।"
रबाडा का पहला उपमहाद्वीपीय दौरा-
कप्तान ने आगे कहा कि मैंने उन्हें भारत दौरे से उभरते हुए देखा है। यह रबादा में अच्छी बात है कि वो सीखते बहुत जल्दी हैं। वो उनका पहला उपमहाद्वीप का दौरा था और मुझे लगता है कि वो वहां से बहुत कुछ सीख कर लौटे हैं। बता दें कि टीम से बाहर होने के बाद डेल स्टेन ने इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी की धार दिखाई थी। जिसके बाद उनकी वापसी हुई है।
Updated on:
12 Jul 2018 08:57 am
Published on:
11 Jul 2018 08:08 pm
