
ओमान क्रिकेट टीम (फोटो- Oman Cricket)
Oman vs Zimbabwe Warm Up Match Update: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मुकाबलों में ओमान की टीम ने दूसरा बड़ा उलटफेर कर दिया है। उन्होंने पहले श्रीलंका की टीम के खिलाफ शानदार जीत हासिल की थी और अब जिंबॉब्वे को हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। दोनों मुकाबलों में ओमान ने रन चेज करते हुए जीत हासिल की। आपको बता दें कि आईसीसी रैंकिंग में जहां जिंबॉब्वे की टीम 12वें स्थान पर है, वहीं ओमान 20वें स्थान पर है। ऐसे में जिंबॉब्वे के खिलाफ ओमान की यह जीत एक बड़ा उलटफेर मानी जा रही है।
कोलंबो के सिंहलेज स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में जिंबॉब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। 188 रन के लक्ष्य को ओमान की टीम ने 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले ओमान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
जिंबॉब्वे की शुरुआत शानदार रही और ब्रायन बेनेट के साथ ब्रेंडन टेलर ने टीम के लिए तेजी से रन बनाना शुरू किया। पहले विकेट के लिए 86 रनों की साझेदारी हुई। बेनेट 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्रेंडन टेलर 26 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद डियोन मायर्स ने 26 रन बनाए। रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा और क्लाइव मदांडे कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन तसिंगा मुसेकिवा ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए जिंबॉब्वे को 180 के पार पहुंचा दिया।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की शुरुआत भी शानदार रही। श्रीलंका A के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलने वाले आमिर कलीम ने 11 गेंदों में 23 रन की तूफानी पारी खेली। दूसरे सलामी बल्लेबाज जतिंदर सिंह ने 33 गेंदों में 55 रन बनाए, हालांकि वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद हम्माद मिर्जा ने 35 रन बनाए। इन तीनों पारियों ने ओमान की जीत की उम्मीद जगा दी थी और बचा हुआ काम जितेन रामानंदी ने पूरा किया।
रामदानी ने 18 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। आपको बता दें कि ओमान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, जिंबॉब्वे और श्रीलंका के साथ रखा गया है। जिंबॉब्वे और श्रीलंका A के खिलाफ मिली जीत ओमान का मनोबल जरूर बढ़ाएगी। ओमान और जिंबॉब्वे के बीच पहला मुकाबला 9 फरवरी को खेला जाएगा।
Updated on:
05 Feb 2026 05:20 pm
Published on:
05 Feb 2026 05:20 pm
