
Indian Under 19 Team
नई दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर शुक्रवार को न्यूजीलैंड ( New Zealand ) की टीम को भारत के हाथों दोहरी मार खानी पड़ी। दरअसल, भारतीय टीम ( Indian Team ) ने न्यूजीलैंड को एक नहीं बल्कि दो मैचों में हराया। एक तो ऑकलैंड में खेले गए पहले टी20 मैच भारत की सीनियर टीम ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया तो वहीं दूसरी तरफ कल के ही दिन अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत
अंडर-19 वर्ल्ड कप ( Under 19 World Cup ) में बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारतीय टीम ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत न्यूजीलैंड को 44 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने ग्रुप में टॉप पोजिशन के साथ क्वार्टर फाइनल में भी प्रवेश कर लिया है, जहां 28 जनवरी को सुपर लीग क्वार्टर फाइनल-1 में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। हालांकि न्यूजीलैंड भी क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है।
सलामी बल्लेबाजों के बाद स्पिनर्स ने भी निभाई अहम भूमिका
भारत की जीत में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना की बेहतरीन पारियों का योगदान रहा। यशस्वी जायसवाल ने 57 रनों की पारी खेली तो वहीं दिव्यांश सक्सेना ने भी 52 रनों की पारी खेली। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने भी बखूबी अपना काम किया। स्पिनर रवि बिश्नोई और अथर्व अंकोलेकर की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी जीत हासिल की। रवि बिश्नोई ने 30 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं अथर्व अंकोलेकर ने 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
बारिश ने डाला मैच में खलल
- टीम इंडिया को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता मिला। 21 ओवरों तक सबकुछ ठीक चला और भारत ने बिना किसी नुकसान के 103 रन बना लिए। इसके बाद ही बारिश आ गई और जब खेल शुरू हुआ तो मैच को 23-23 ओवरों का कर दिया गया। भारत ने 23 ओवरों में 115 रन बोर्ड पर टांग दिए। न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 192 रनों का लक्ष्य मिला।
- न्यूजीलैंड की टीम ने धमाकेदार शुरूआत की। एक समय न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 99 रन था, लेकिन तेजी से रन बनाने के प्रयास में बाद में उसके विकेट उखड़ते गए और आखिर में पूरी कीवी टीम 21 ओवरों में 147 रनों पर आउट हो गई।
ऑकलैंड में भी जीता भारत
एक तरफ तो दक्षिण अफ्रीका में चल रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने न्यूजीलैंड को मात दी तो वहीं दूसरी तरफ ऑकलैंड में भी भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
Updated on:
25 Jan 2020 09:52 am
Published on:
25 Jan 2020 08:41 am
