नई दिल्ली। भारतीय घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंटों की बादशाह मुंबई की टीम एक बार फिर विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गई है। बुधवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम बेंगलोर में हैदराबाद के खिलाफ खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले को मुंबई ने वीजेडी मेथड के तहत 60 रनों के अंतर से जीत लिया। इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 246 रन बनाए। जिसका पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 25 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 155 रन बना चुकी थी, तभी तेज बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा। इसके बाद फिर खेल शुरू नहीं हो सका। लिहाजा अंपायरों ने मुंबई को 60 रन के अंतर से विजेता घोषित किया।