
ICC Test Ranking: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा रैकिंग में भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बिना खेले एक पायदान का फायदा हुआ है वहीं हैदराबाद जीत के हीरो इंग्लैंड के ओपी पोप 20 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए 15वें पायदान पर पहुंच गये है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा जारी बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में पोप को हैदराबाद टेस्ट में 196 रनों की पारी खेलने का फायदा मिला और वह 20 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए 15वें स्थान पर पहुंच गये है।
न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन अभी भी टेस्ट बल्लेबाजी रैकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं। विराट कोहली पहले टेस्ट में नहीं खेले थे। इसके बावजूद उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है और वो छठे स्थान पर आ गए हैं। बाबर आजम उनसे एक पायदान ऊपर पांचवें स्थान पर है।
ताजा रैकिंग के अनुसार ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा गाबा में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की शुरुआती पारी में अर्धशतक के बाद दो स्थान के फायदे से आठवें स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के बैटर बेन डकेट भी भारत के खिलाफ हैदराबाद टेस्ट में 35 और 47 रन की पारी के बाद पांच स्थान के फायदे से 22वें स्थान पर पहुंच गए। हैदराबाद में इंग्लैंड की जीत और ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज बराबरी पर खत्म होने के बाद टॉप-10 बल्लेबाजों की रैंकिंग में मामूली बदलाव हुआ है।
अश्विन अब भी टेस्ट के नंबर-1 गेंदबाज
भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में छह विकेट लेने के बाद गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर अपना स्थान बरकरार रखा है और जसप्रीत बुमराह को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह हैदराबाद में छह विकेट लेकर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में कगिसो रबाडा दूसरे और पैट कमिंस तीसरे स्थान पर हैं।
ऑलराउंडर की ताजा जारी टेस्ट रैंकिंग में रवींद्र जडेजा पहले स्थान पर बने हुए हैं। आर अश्विन दूसरे स्थान हैं। जो रूट ने भारत के खिलाफ हैदराबाद टेस्ट में पांच विकेट झटके थे और वो ऑलराउंडरों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे पायदान पर पहुंच गये हैं।
Updated on:
31 Jan 2024, 3:30 PM IST
Published on:
31 Jan 2024, 3:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.