
विराट कोहली (फोटो- IANS)
Virat Kohli ODI Cricket Record: आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारतीय टीम को पहले 15 वनडे मैच खेलने थे, लेकिन मंगलवार रात न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भारत के साथ 5 मैचों की वनडे सीरीज के शेड्यूल का ऐलान कर दिया। इस ऐलान के बाद अब विराट कोहली का काम थोड़ा आसान हो गया है। आपको बता दें कि सचिन तेंदुलकर के 100 इंटरनेशनल शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंचे विराट कोहली को इन 5 अतिरिक्त मैचों से काफी मदद मिल सकती है।
विराट कोहली अब तक 85 इंटरनेशनल शतक लगा चुके हैं, जिसमें 54 शतक वनडे में, 1 टी20 में और 30 टेस्ट में आए हैं। टेस्ट और टी20 से संन्यास लेने के बाद अब उनका पूरा फोकस सिर्फ वनडे क्रिकेट पर है। वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारतीय टीम को जो 20 वनडे मैच खेलने हैं, उनमें 15 शतक लगाना मुश्किल जरूर लगता है, लेकिन वर्ल्ड कप के मुकाबलों को मिलाकर देखा जाए तो अब विराट के पास ज्यादा मौके होंगे।
अगर भारतीय टीम वर्ल्ड कप के अगले दौर में जगह बनाती है और विराट कोहली सभी मुकाबले खेलते हैं, तो उनके पास कम से कम 26 मैच हो सकते हैं। ऐसे में 26 मैचों में 15 शतक लगाना मुश्किल जरूर है, लेकिन नामुमकिन नहीं कहा जा सकता। सचिन तेंदुलकर वर्ल्ड क्रिकेट के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक लगाए हैं। सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिनके नाम 85 शतक दर्ज हैं। हालांकि, कोहली ने सचिन तेंदुलकर से काफी कम मैच खेले हैं।
मंगलवार रात न्यूजीलैंड ने ऐलान किया कि भारतीय टीम अक्टूबर के मध्य से लेकर दिसंबर की शुरुआत तक न्यूजीलैंड दौरे पर रहेगी, जहां उसे 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। टेस्ट और टी20 सीरीज में विराट कोहली नजर नहीं आएंगे, लेकिन 5 मैचों की वनडे सीरीज में वह खेलते हुए दिखाई देंगे।
इसके अलावा भारतीय टीम को जिम्बाब्वे, श्रीलंका, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ भी वनडे सीरीज खेलनी है। वहीं, खबरें हैं कि वर्ल्ड कप से पहले जनवरी में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी वनडे सीरीज खेल सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। अगर ऑस्ट्रेलिया सीरीज का ऐलान होता है, तो विराट कोहली के पास रिकॉर्ड के और करीब पहुंचने का मौका होगा।
विराट कोहली ने अब तक 311 वनडे मैचों की 299 पारियों में 14,797 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 59 का रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट लगभग 94 का रहा। उन्होंने 54 शतक और 77 अर्धशतक लगाए हैं। साल 2008 में श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में डेब्यू करने वाले विराट कोहली वर्ल्ड कप 2027 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।
Published on:
03 Jun 2026 09:25 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
