
चेतना विमुक्ति (फोटो- ACC)
Sri Lanka Women's' vs UAE Women's Highlights: मेंस क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद श्रीलंका की वूमेंस टीम ने भी एशिया कप में धमाकेदार जीत हासिल की है। वूमेंस एशिया कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका की महिला टीम का सामना UAE से हुआ। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 'ग्रुप-बी' के मुकाबले में उसने यूएई को 9 विकेट से रौंद डाला। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज चेतना विमुक्ति को 16 रन देकर 3 विकेट लेने पर 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 48 रन की पारी खेली।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी यूएई की टीम 19.5 ओवरों में सिर्फ 79 रन पर सिमट गई। इस टीम को चौथी गेंद पर ही तीर्था सतीश (0) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद 9 रन तक टीम ने लावन्या केनी (3) का विकेट भी खो दिया। यहां से कप्तान ईशा ओझा ने हीना होचचंदानी (10) के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 19 रन की साझेदारी की। ईशा 24 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुईं, उनकी इस पारी में 2 चौके शामिल रहे।
हीना ने समायरा धरनिधारका (17) के साथ 10 रन जुटाए। इसके बाद रिनिथा रजित (15) ने समायरा के साथ पांचवें विकेट के लिए 18 रन, जबकि मेहुल कुलकर्णी (3) के साथ छठे विकेट के लिए 11 रन जुटाकर टीम को जैसे-तैसे अर्धशतक के पार पहुंचा दिया। श्रीलंकाई टीम से मिताली अयोध्या ने 3.5 ओवरों में 14 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि चेतना विमुक्ति ने 4 ओवरों में 16 रन देकर 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, सुगंधिका कुमारी ने 2 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में श्रीलंका ने सिर्फ 7.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इमेशा दुलानी ने कप्तान चामरी अट्टापट्टू के साथ पहले विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी की। इमेशा (18 गेंदों में 25) रन आउट हुईं, जिसके बाद कप्तान अट्टापट्टू ने संजना काविंदी के साथ दूसरे विकेट के लिए 12 गेंदों में 23 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। कप्तान 25 गेंदों में 48 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 7 चौके शामिल रहे, जबकि संजना ने 4 गेंदों में नाबाद 5 रन बनाए। यूएई के लिए कोई भी गेंदबाज विकेट हासिल नहीं कर सकीं।
Updated on:
30 Aug 2026 07:35 am
Published on:
30 Aug 2026 07:35 am
