
हनीट्रैप मामले में करोड़ों का सौदा, फ्रीडम 251 मोबाइल कंपनी का मालिक गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश करने का दावा किया है। जो पहले तो महिला को जरिए बड़े कारोबियों को अपने जाल में फंसाता था फिर उनपर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा कर करोड़ों की उगाही करता था। इस मामले में 251 रुपए में मोबाइल देने का ऐलान करने वाली कंपनी फ्रीडम का मालिक मोहित गोयल भी गिरफ्तार हुआ है। चौंकाने वाली बात ये है कि पुलिस ने रविवार को दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस में स्थित एक शॉपिंग मॉल में गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला, मोहित गोयल और उनके एक अन्य साथी विकास मित्तल को आरोपियों से 25 लाख रुपए लेते रंगेहाथों धर दबोचा।
पीड़ितों ने कर दी कथित दुष्कर्म पीड़िता की पिटाई
दिल्ली एक शॉपिंग मॉल में दुष्कर्म के आरोपियों से मामले को सुलटाने के लिए पैसे वसूलते हुए महिला सहित तीनों लोग सीसीटीवी में कैद हो गए। महिला को जैसे ही पुलिस लेकर मॉल के बाहर निकलने लगी तो गुस्साए आरोपियों के घरवालों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। यहां तक कि पुलिस को घरवालों के हाथों कथित गैंगरेप पीड़िता को छुड़ाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक ये लोग हनी ट्रैप रैकेट चला रहे रहे थे यानी लोगों पर फ़र्ज़ी रेप के केस दर्ज कराते थे और फिर मोटे पैसे वसूलते थे। परिवार वालों के मुताबिक शिकायत करने वाली महिला कुछ महीने पहले आरोपियों के संपर्क में आई और उसने बताया की वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है। जिसके बाद एक इवेंट के सिलसिले में महिला पांचों आरोपियों के साथ राजस्थान के भिवाड़ी गई, जहां वे एक होटल में ठहरे। अगले ही दिन महिला ने पांचों के खिलाफ भिवाड़ी में दुष्कर्म का मामला दर्ज करा दिया। मामला कराने के कुछ ही वक्त बाद महिला और उसके साथियों ने आरोपियों के परिवार वालो से संपर्क किया। आरोप है कि उन्होंने आरोपियों से 5 करोड़ की मोटी रकम कर केस वापस लेने की बात कही। आरोपी परिवार गैंगरेप की शिकायत करने वाली महिला को 2.5 करोड़ रुपये देने को तैयार हो गया। पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म की शिकायत करने वाली महिला ने अब तक आरोपी परिवार से 1.1 करोड़ रुपए की वसूली कर ली है। डील फाइनल होने पर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को रोहिणी निवासी एक बिजनेसमैन ने शिकायत दी थी।
हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट
पुलिस का मानना है कि पूरा मामला हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट का हो सकता है, जिसमें पहले बड़े-बड़े बिजनेसमैन्स को फंसाया जाता है, फिर मोटी रकम वसूली जाती है। पुलिस ने आशंका जताई है कि मोहित गोयल अपने अन्य साथियों के साथ यह हाई प्रोफाइल हनीट्रैप रैकेट चलाता है। पुलिस का कहना है कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी और केस की परतें जैसे-जैसे खुलेंगी, इसमें कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
Published on:
11 Jun 2018 10:36 am
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
